देश

नरसिंहपुर- नर्मदा समृद्धि परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैठक आयोजित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
नरसिंहपुर- नर्मदा समृद्धि परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैठक आयोजित

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश द्वारा नर्मदा तटवर्ती ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक संख्या में ‘एक बगिया मां के नाम’ परियोजना स्वीकृत करने, अतिक्रमण मुक्त भूमि को तीन वर्ष के अनुबंध पर स्वयं सहायता समूहों को सौंपकर सब्जी एवं मसालों का उत्पादन कराने तथा नदी किनारे फूलों की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।

साथ ही मधुमक्खी पालन की गतिविधियों का विस्तार करने और जल संरक्षण एवं मृदा संवर्धन के अधिकाधिक कार्यों को जी राम जी के प्लानर में शामिल करने के लिए कहा गया। बैठक में ग्राम पंचायतों में जलकर, स्वच्छता कर, संपत्ति कर एवं प्रकाश कर की नियमानुसार वसूली सुनिश्चित करने, ऑनलाइन बिल जनरेट करने तथा प्रत्येक परिवार को पंचायत की सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।

कर वसूली के लिए स्वयं सहायता समूहों का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण देने तथा नियमानुसार कमीशन देने के निर्देश भी दिए गए। अतिक्रमण वाली भूमि को संबंधित तहसीलदारों के समन्वय से मुक्त कराने और उसकी फेंसिंग कराने के लिए कहा गया। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में विद्युत कनेक्शनों पर मीटर सुनिश्चित करने, अधिक विद्युत बिल आने पर सुधार के लिए विद्युत विभाग को आवेदन देने, प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण आवासों को पूर्ण कराने तथा संबल योजना के पंजीयन संबंधी प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ठोस कचरे का एक स्थान पर संग्रहण, ग्राम पंचायतों का जीएसटीआईएन में पंजीयन एवं मासिक रिटर्न जमा करने तथा पंचायत कार्यालय नियमित रूप से खोलने और दस्तावेजों का उचित संधारण करने पर भी चर्चा हुई। ग्राम पंचायतों की नर्मदा समृद्धि समिति, स्वच्छता समिति एवं पानी समिति सहित अन्य समितियों की बैठकें समय पर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान श्री अमित द्वारा करारोपण एवं ऑनलाइन बिल जनरेट करने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही जी राम जी के अंतर्गत कार्यों के चयन से लेकर कार्य प्रारंभ करने तक की प्रक्रिया समझाई गई। बैठक में सरपंचों एवं सचिवों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।