अपराध

नरसिंहपुर- शक्ति का उपयोग राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए हो, दुरुपयोग के लिए नहीं : मंत्री श्री पटेल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
नरसिंहपुर- शक्ति का उपयोग राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए हो, दुरुपयोग के लिए नहीं : मंत्री श्री पटेल

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मंगलवार को पुलिस लाइन नरसिंहपुर में विजयादशमी पर्व के अवसर पर आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारे सैनिक, पुलिस एवं अर्धसैनिक बल संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनका पहला संकल्प राष्ट्र की रक्षा करना और दूसरा समाज में सद्भाव एवं शांति बनाए रखना है। सुरक्षा बलों का अनुशासन और समर्पण समाज को सुरक्षित रखने तथा उसे सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि शस्त्रों का उपयोग राष्ट्र की रक्षा, समाज की सुरक्षा और आवश्यकता पड़ने पर आत्मरक्षा के लिए जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। विजयदशमी का पर्व हमें शक्ति, साहस, धैर्य और संयम का महत्व समझाता है। नौ दिनों तक हम साधना और तप के माध्यम से स्वयं को संयमित करने का प्रयास करते हैं तथा विजयदशमी पर शस्त्र पूजन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संकल्प लेते हैं।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हम कितने भी शक्तिशाली क्यों न हो जाएं, हमारी शक्ति का दुरुपयोग कभी नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से कमजोर और असहाय व्यक्तियों के विरुद्ध शक्ति का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। अपनी ताकत को अहंकार से दूर रखकर राष्ट्र और समाज के हित में उपयोग करना ही विजयदशमी का वास्तविक संदेश है।

उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान करते हुए कहा कि हमें संकल्प लेना होगा कि अगली विजयदशमी तक नशे की बुराई को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करेंगे। पूज्य गुरुदेव श्री श्री बाबा श्री जी के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संकल्प में कोई विकल्प नहीं होता। जब हम किसी महान उद्देश्य के लिए संकल्प लेते हैं, तो उसके प्रति अडिग रहना आवश्यक है।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि नशे के विरुद्ध लिए गए संकल्प को कमजोर न पड़ने दें। दृढ़ इच्छाशक्ति, सामूहिक सहभागिता और निरंतर प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। आइए, इस विजयदशमी पर शांति, सद्भाव, संयम और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें।

विजयादशमी पर्व हमें असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है- कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

कलेक्टर रजनी सिंह ने कहा कि विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। नौ दिनों तक मां दुर्गा की उपासना के पश्चात आने वाला यह पर्व हमें सदाचार, संयम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। शासन-प्रशासन का भी यही उद्देश्य है कि समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण बना रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।