नवाचार और शोध की ओर हमारी नई पीढ़ी बढ़े, यही वास्तव में हमें विकसित भारत 2047 की ओर ले जाएगा: राज्यपाल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 24, चंबा (हिमाचल प्रदेश): राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि नवाचार और शोध की ओर हमारी नई पीढ़ी बढ़े, यही वास्तव में हमें विकसित भारत 2047 की ओर ले जाएगा। युवाओं से उनका आह्वान है कि वे नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनें ताकि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सके।
यह बात राज्यपाल ने आज चम्बा के ऐतिहासिक चौगान में आत्मनिर्भर भारत को लेकर आयोजित प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान कही। इस दौरान लेडी गवर्नर बिन्दु गुप्ता भी उनके साथ मौजूद थीं। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों खासकर विद्यार्थियों को नए शोध की जानकारी देने के अलावा भारत सरकार के विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई है।
लोग यहाँ पहुँच कर जानकारी भी हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही आज चौगान में रेड क्रॉस मेले का आयोजन भी किया गया है जिसमें भी लोगों व बच्चों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। इससे पूर्व राज्यपाल ने रिबन काटकर रेड क्रॉस मेले का शुभारम्भ किया और विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने राज्यपाल को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर ईट राइट मेले का आयोजन भी किया गया था। उनके साथ लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक डॉ. हंस राज, विधायक नीरज नैयर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।