राज्य

नवरात्र में होगा ‘शब्द शक्ति-संगम,महिला सशक्तीकरण पर होगा संवाद

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
नवरात्र में होगा ‘शब्द शक्ति-संगम,महिला सशक्तीकरण पर होगा संवाद

4 अक्टूबर को जयपुर के सुबोध कॉलेज में आयोजन, अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश खिलाड़ी सुरभि मिश्रा, कमांडर प्रियंका चौधरी और समाजशास्त्री प्रो. ऋतु सारस्वत होंगी शामिल

जयपुर, 13 अक्टूबर। नवरात्र के अवसर पर महिला शक्ति, सम्मान और सशक्तीकरण के विचारों को केंद्र में रखकर ‘शब्द शक्ति-संगम’ का आयोजन किया जाएगा। वैचारिक विमर्श के लिए प्रतिबद्ध ‘शब्द रसायन’ संस्थान की ओर से यह कार्यक्रम 14 अक्टूबर को जयपुर के रामबाग स्थित एस.एस. जैन सुबोध स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित होगा। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली हस्तियां संवाद के माध्यम से महिला शक्ति और समाज में महिलाओं की भूमिका से जुड़े विषयों पर विचार साझा करेंगी।

‘शब्द रसायन’ और एस.एस. जैन सुबोध स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश खिलाड़ी एवं कोच सुरभि मिश्रा, भारत की पहली महिला आईएनएस विक्रमादित्य कमांडर प्रियंका चौधरी और प्रसिद्ध समाजशास्त्री प्रो. ऋतु सारस्वत को संवाद के लिए आमंत्रित किया गया है। इन विशिष्ट अतिथियों के अनुभवों और विचारों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक भूमिका जैसे विषयों पर विमर्श होगा।

संस्थान के निदेशक डॉ. रेवंत दान ने बताया कि ‘शब्द शक्ति-संगम’ का उद्देश्य विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक सार्थक मंच उपलब्ध कराना है। नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम महिला शक्ति के विविध स्वरूपों को रेखांकित करने के साथ समाज में महिलाओं के योगदान और उनकी उपलब्धियों पर चर्चा का अवसर प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के दौरान ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते’ विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से महिला सम्मान और समाज में उनके महत्व से जुड़े विचारों को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने का प्रयास किया गया है। ‘शब्द शक्ति-संगम’ के जरिए संवाद, विचार और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से महिला सम्मान एवं सशक्तीकरण के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।