राजनीति

NHM संविदा कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना:20 साल से काम रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग, 12 अक्टूबर से लखनऊ में हड़ताल

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 9 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
NHM संविदा कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना:20 साल से काम रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग, 12 अक्टूबर से लखनऊ में हड़ताल

शामली में एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने गुरुवार सुबह 10 बजे से सीएमओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। शामली के साथ थानाभवन, कुड़ाना और ऊन क्षेत्र के कर्मचारी भी धरने में शामिल हुए। कर्मचारियों ने बताया कि 22 सितंबर को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम और सीएमओ को सौंपा गया था।

इसमें लंबे समय से सेवा दे रहे संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी। कर्मचारियों का कहना है कि अभी तक शासन स्तर से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। नियमितीकरण तक समान वेतन की मांग जिलाध्यक्ष संगीत शर्मा और जिला महामंत्री मुब्बशिर खान के नेतृत्व में कर्मचारियों ने नियमितीकरण को प्रमुख मांग बनाया है।

संगठन के अनुसार कई कर्मचारी 15 से 20 साल से अधिक समय से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों ने नियमितीकरण होने तक समान काम-समान वेतन लागू करने और वेतन बढ़ाकर सम्मानजनक वेतन देने की मांग की। 10 लाख की कैशलेस सुविधा और DA की मांग कर्मचारियों ने खुद और आश्रित परिवार के सदस्यों के लिए कम से कम 10 लाख रुपए की फैमिली फ्लोटर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा की मांग की।

इसके अलावा महंगाई भत्ता, प्रभावी ईपीएफ और नियोक्ता अंशदान, एचआरए, चिकित्सा इकाइयों पर सरकारी आवास और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग की। ट्रांसफर और अनुकंपा नियुक्ति की मांग कर्मचारियों ने रिक्त पदों पर गैर-जनपदीय स्थानांतरण, म्यूचुअल ट्रांसफर और स्वयं के अनुरोध पर स्थानांतरण की नीति बहाल करने की मांग की।

सेवा के दौरान संविदा कर्मचारी की मौत होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने की नीति बनाने की मांग भी रखी। नियमित भर्ती में 25% कोटा मांगा कर्मचारियों ने MCTS, IDSP, HMIS डाटा ऑपरेटर और कोविड-19 कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने की मांग की। स्वास्थ्य विभाग की नियमित भर्तियों में NHM संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत सीटों का कोटा निर्धारित करने की मांग भी की गई।

12 अक्टूबर से लखनऊ में हड़ताल की चेतावनी संगठन के कार्यक्रम के तहत 5, 6 और 7 अक्टूबर को कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया था। इसके बाद 8, 9 और 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 12 अक्टूबर से प्रदेशभर के NHM संविदा कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।

कर्मचारियों ने कहा कि वे ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी नियंत्रण और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में काम कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।