राजनीति

दो निर्दलीय MLC की सदस्यता रद्द करने की मांग, सभापति से मिला इंडिया गठबंधन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दो निर्दलीय MLC की सदस्यता रद्द करने की मांग, सभापति से मिला इंडिया गठबंधन

अब्दुल बारी सिद्दीकी ने बंशीधर बृजवासी और राहुल राज पर भाजपा की सदस्यता लेने का आरोप लगाते हुए सभापति को आवेदन सौंपा।

04 नवंबर , पटना (पटना, बिहार) : बिहार विधान परिषद में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज करने वाले विधान पार्षद बंशीधर बृजवासी और राहुल राज की सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में इंडिया गठबंधन के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार विधान परिषद पहुंचकर सभापति से मुलाकात की और दोनों विधान पार्षदों के खिलाफ लिखित आवेदन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि दोनों सदस्यों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतने के बाद भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है, जो संविधान के प्रावधानों के अनुरूप नहीं है।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे राजद नेता एवं बिहार विधान परिषद में विरोधी दल के मुख्य सचेतक अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि दोनों विधान पार्षदों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य सभापति को सौंपे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित होने के बाद भाजपा की सदस्यता ग्रहण करना संवैधानिक प्रावधानों और दल-बदल संबंधी नियमों का उल्लंघन है।

अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने सभापति से पूरे मामले की जांच कर आवश्यक संवैधानिक कार्रवाई करने और दोनों विधान पार्षदों की सदस्यता समाप्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने अपने आवेदन के साथ इस संबंध में उपलब्ध दस्तावेज और साक्ष्य भी प्रस्तुत किए हैं।

इंडिया गठबंधन का कहना है कि इस मामले में संविधान और दल-बदल विरोधी कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। अब इस प्रकरण में सभापति के स्तर से होने वाली जांच और निर्णय पर सबकी नजरें टिकी हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।