अपराध

निर्धारित किराए से ज्यादा वसूली पर यात्री बसों पर होगी कार्रवाई: यादव

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 21 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
निर्धारित किराए से ज्यादा वसूली पर यात्री बसों पर होगी कार्रवाई: यादव

भास्कर न्यूज | बलरामपुर यात्री बसों में तय किराए से ज्यादा वसूली की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर गुरुवार को यातायात शाखा बलरामपुर में बस संचालकों की बैठक हुई। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी यशवंत यादव, यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन, रक्षित निरीक्षक बलरामपुर ने बस संचालकों को शासन की यात्री किराया दरें बताईं।

निर्देश दिए गए कि यात्रियों से छत्तीसगढ़ शासन की तय दर के मुताबिक ही किराया लिया जाए। किराया सूची हर यात्री बस में प्रमुख और साफ जगह पर अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए, ताकि यात्रियों को किराए की जानकारी आसानी से मिल सके। बैठक में बताया गया कि साधारण बस सेवा में पहली 5 किलोमीटर दूरी तक 8 रुपए प्रति यात्री किराया तय है।

इसके बाद 1 रुपए प्रति यात्री प्रति किलोमीटर या उसके भाग के लिए किराया लगेगा। डीलक्स और शयनयान कोच में पहली 5 किलोमीटर दूरी तक 8 रुपए प्रति यात्री किराया तय है। इसके बाद 3 रुपए प्रति यात्री प्रति किलोमीटर या उसके भाग के लिए किराया लगेगा।बस संचालकों को कहा गया कि तय किराए से ज्यादा राशि न वसूली जाए।

ज्यादा वसूली की शिकायत मिलने पर नियम के मुताबिक कार्रवाई होगी। बैठक में चालक और परिचालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा गया। बैठक में बस संचालकों ने बस संचालन के दौरान आने वाली समस्याएं और कठिनाइयां अधिकारियों के सामने रखीं।

इन पर चर्चा हुई। समाधान के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। अंत में बस संचालकों ने भरोसा दिलाया कि आगे तय किराए से ज्यादा वसूली की शिकायत दोबारा नहीं आने देंगे। शासन के नियमों और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करेंगे।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।