अपराध

निशातपुरा में 4 किलो से अधिक गांजा जब्त, 39 अपराधों वाला निगरानीशुदा बदमाश सलमान उर्फ काला गिरफ्तार

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 27 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
निशातपुरा में 4 किलो से अधिक गांजा जब्त, 39 अपराधों वाला निगरानीशुदा बदमाश सलमान उर्फ काला गिरफ्तार

एहसान नगर रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा, बैग से मिले चार पैकेट; पुलिस गांजे के स्रोत और तस्करी नेटवर्क की कर रही पूछताछ

भोपाल, 27 नवंबर 2026।

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भोपाल की निशातपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 किलो 123 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में सलमान उर्फ काला नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना निशातपुरा का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में कुल 39 अपराध दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सलमान उर्फ काला भोपाल के बाहर से गांजा लेकर एहसान नगर के रास्ते पैदल आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज पटवा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गवाहों के साथ एहसान नगर रोड पर कामरान भाई की दुकान के पास घेराबंदी की।

कुछ देर बाद संदिग्ध वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से चार पैकेटों में रखा कुल 4 किलो 123 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1286/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया है।

तस्करी के स्रोत और नेटवर्क की जांच

पुलिस का कहना है कि आरोपी से गांजे के स्रोत और उससे जुड़े तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सलमान उर्फ काला के खिलाफ भोपाल के अलग-अलग थानों में चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 39 अपराध दर्ज हैं। वर्तमान गांजा बरामदगी का मामला भी इस सूची में शामिल है।

यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय के 1 अप्रैल 2026 से लागू तीन वर्षीय नशामुक्ति रोडमैप (2026-2029) के तहत चलाए जा रहे अभियान के क्रम में की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना निशातपुरा की टीम ने यह कार्रवाई की।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज पटवा, उपनिरीक्षक अशोक शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक सत्येंद्र चौबे, प्यारेलाल, प्रधान आरक्षक राजेंद्र राजपूत, श्रीकृष्ण कटारिया तथा आरक्षक विपिन झा और देवराज यादव की भूमिका रही।

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।