अपराध

OpenAI के बैठक कक्ष में गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने पर इंजीनियर गिरफ्तार

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 14 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
OpenAI के बैठक कक्ष में गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने पर इंजीनियर गिरफ्तार

कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनी ओपनएआई के एक बैठक कक्ष में गुप्त रूप से रिकॉर्डिंग उपकरण लगाने के आरोप में कंपनी के एक इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, उपकरण लगाने का उद्देश्य कंपनी की प्रौद्योगिकी से जुड़ी संवेदनशील बातचीत को रिकॉर्ड करना था।

सैन फ्रांसिस्को की संघीय अदालत में दायर आपराधिक शिकायत के मुताबिक, ‘चैटजीपीटी’ बनाने वाली कंपनी ओपनएआई के एक बैठक कक्ष में रिकॉर्डिंग उपकरण मिलने के करीब एक सप्ताह बाद शुक्रवार को कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान सऊदी अरब के नागरिक अब्दुल रहमान अलफोजान (35) के रूप में हुई है।

शिकायत के अनुसार, 30 सितंबर को बैठक कक्ष में टेलीविजन के पीछे लगे यूएसबी पोर्ट में रिकॉर्डिंग उपकरण मिला था। इसे टॉयलेट पेपर में लपेटकर छिपाया गया था। इस बैठक कक्ष का इस्तेमाल कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी करते हैं। शिकायत में कहा गया है कि जिस समय बैठक कक्ष में रिकॉर्डिंग उपकरण लगाया गया था, उस समय वहां निगरानी के लिए कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था लेकिन कार्यालय के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग से पता चला कि अलफोजान पिछले महीने करीब 12 बार उस बैठक कक्ष के आसपास देखा गया था जबकि उसे न तो उस स्थान पर जाने की अनुमति थी और न ही वहां होने वाली बैठकों में शामिल होने का अधिकार था।

अलफोजान मंगलवार को पहली बार अदालत में पेश हुआ। उस पर बातचीत को गुप्त रूप से रिकॉर्ड करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक, यांत्रिक या किसी अन्य उपकरण का इस्तेमाल करने या ऐसा करने की कोशिश करने का आरोप है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी ओर से पैरवी करने के लिए कोई वकील मौजूद है या नहीं।

उसे 19 अक्टूबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाना है। अदालत में दायर शिकायत में कंपनी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया है। हालांकि, ओपनएआई ने एक अलग बयान में पुष्टि की कि उसके एक कार्यालय में छिपाकर लगाया गया रिकॉर्डिंग उपकरण मिला था। कंपनी ने इसकी सूचना संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) को दी थी और संबंधित कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।