अपराध

पहली बार बरखेड़ा पठारी गांव पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों ने बताईं समस्याएं

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पहली बार बरखेड़ा पठारी गांव पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों ने बताईं समस्याएं

विदिशा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने शुक्रवार को कुरवाई तहसील के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण और निरीक्षण किया। इस दौरान वे पहली बार ग्राम बरखेड़ा पठारी पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। कलेक्टर के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, राजस्व सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

साथ ही समस्याओं के समाधान के बाद प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा।

शासकीय संस्थानों का किया निरीक्षण

ग्राम भ्रमण के दौरान कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने ग्राम पंचायत बरखेड़ा पठारी पहुंचकर शासकीय उचित मूल्य दुकान, शासकीय विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, गौशाला और पंचायत भवन का निरीक्षण किया।उन्होंने विद्यालय और आंगनबाड़ी में बच्चों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बच्चों से संवाद कर शिक्षण व्यवस्था का जायजा भी लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

26 ग्राम पंचायतों में आयोजित हुए कार्यक्रम

कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कुरवाई तहसील की 26 ग्राम पंचायतों में शिविर और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और सरकारी संस्थानों में सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित कर रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से आयुष्मान भारत निरामयम् योजना का लाभ लेने की अपील की। विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और अन्य पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की बात कही। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

एसपी ने साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की दी जानकारी

जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल, सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर ठगी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। ऐसे में आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने व्हाट्सएप सहित अन्य माध्यमों से आने वाली संदिग्ध फाइलों को डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी। साथ ही ग्रामीणों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की। कार्यक्रम में कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

पहली बार बरखेड़ा पठारी पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों ने किया स्वागत

पेयजल, सड़क और राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण के निर्देश

कलेक्टर ने स्कूल, आंगनबाड़ी और उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण

70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील

एसपी ने साइबर ठगी से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की दी सलाह

🎙️ जनता का संदेश का मत

गांव के कलेक्टर के प्रथम आगमन से यह स्पष्ट हुआ कि जब नेता और जनता मिलकर समस्याओं पर चर्चा करते हैं, तो समाधान की राह खुलती है। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से पता चलता है कि संवाद ही सबसे शक्तिशाली हथियार है। हमें भी अपने समाज में इसी तरह की सहभागिता को बढ़ावा देना चाहिए—सुनना, समझना और मिलकर कार्य करना। केवल तभी हम न्याय, शांति और विकास के पथ पर आगे बढ़ सकते हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।