देश

पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर बैंक कर्मियों की हड़ताल, लटके ताले

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 17 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर बैंक कर्मियों की हड़ताल, लटके ताले

भास्कर न्यूज|मधुबनी यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का असर मधुबनी जिले में भी देखने को मिला। जिले के विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाएं बंद रहीं। बैंक शाखाओं में ताले लटके रहने के कारण ग्राहकों को जमा-निकासी, चेक जमा करने, नकद लेन-देन समेत अन्य जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई ग्राहक बैंक पहुंचने के बाद शाखा बंद देखकर वापस लौटते नजर आए। हड़ताल के कारण जिले में बैंकिंग कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। शाखाओं के काउंटर बंद रहने से रोजमर्रा के बैंकिंग कार्य नहीं हो सके। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और ऑनलाइन लेन-देन जैसी सेवाएं कई जगह उपलब्ध रहीं, लेकिन बैंक शाखा से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए लोगों को परेशानी हुई।

विशेषकर नकद जमा-निकासी और अन्य शाखा आधारित कार्यों के लिए पहुंचे ग्राहकों को हड़ताल खत्म होने का इंतजार करना पड़ा। बैंक कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में स्टेट बैंक की एडीबी शाखा के समक्ष एकजुट होकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और संबंधित बैंकिंग संगठनों से उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शन में रंजीत कुमार, कमल देव यादव कृष्णानंद कुमार, कंचन महासेठ, अवधेश कुमार ठाकुर, विकास कारक, संजय कुमार, धीरज मिश्रा, अरविंद कुमार और कुंदन कुमार समेत यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस से जुड़े विभिन्न संगठनों के सदस्य शामिल हुए। एसबीआई रेडक्रॉस शाखा में कार्यरत बैंक कर्मी कमल देव यादव ने कहा कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू नहीं की जा रही है। डीएफएस और आईबीए की ओर से भी इस मामले में टालमटोल की नीति अपनाई जा रही है, जिससे कर्मचारियों में काफी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। अगर मांग नहीं मानी गई तो अगला बैंक हड़ताल स्ट्राइक इसी महीने को 28,29 और 30 से होगा जो अनिश्चितकालीन हड़ताल रहेगा।

एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन के क्षेत्रीय सचिव रंजीत कुमार ने कहा कि यदि बैंक कर्मियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और कर्मचारी आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान जल्द किया जाना चाहिए।

बैंक बंद रहने से जिले में बड़ी संख्या में ग्राहकों के जरूरी बैंकिंग कार्य प्रभावित हुए। लोगों को जमा-निकासी और अन्य लेन-देन के लिए परेशानी उठानी पड़ी। हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में पूरे दिन सामान्य कामकाज नहीं हो सका। बैंक कर्मियों ने कहा कि उनकी मांगों पर उचित पहल होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।