राजनीति

पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर सख्त

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर सख्त

खैरथल-तिजारा में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा

खैरथल-तिजारा, 12 अक्टूबर। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की तैयारियों, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं और जिले में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई।

जिला कलेक्टर ने पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी रिटर्निंग अधिकारियों और उपखंड अधिकारियों (एसडीएम) को मतदान केंद्रों का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी सहित मतदान से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर जनरेटर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की समय रहते जांच करने और कमियों को प्राथमिकता से दूर करने को कहा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सके।

बैठक में जिला स्तरीय फर्टिलाइजर डिस्ट्रीब्यूशन रेगुलेटरी टास्क फोर्स के तहत उर्वरकों की उपलब्धता, मांग और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि जिले में किसानों की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिला प्रशासन और कृषि विभाग की ओर से खाद की उपलब्धता एवं वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों को वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने और किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समय पर जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।