राजनीति

पंचायत चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं से किया एकजुट होने का आह्वान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पंचायत चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं से किया एकजुट होने का आह्वान

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किशनगढ़ की पंचायत समिति सिलोरा स्थित श्री बाजेड़ा बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए घर-घर पहुंचकर जनता से संवाद करने का आह्वान किया। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा के विकास विजन को जनता तक पहुंचाने की बात कही।

21 अक्टूबर, किशनगढ़। पंचायत चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने किशनगढ़ की पंचायत समिति सिलोरा स्थित श्री बाजेड़ा बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। यदि सभी कार्यकर्ता अपने प्रत्याशियों को जिताने का संकल्प लेकर मेहनत करें, तो जीत हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के माध्यम से विकास की कड़ी में तीसरा इंजन जोड़ने का लक्ष्य है।

केंद्र और राज्य सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे। उन्होंने किसान सम्मान निधि का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से किसानों को सीधे लाभ मिला है। दिया कुमारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके पास न तो स्पष्ट नीति है और न ही विकास का कोई विजन।

उन्होंने कहा कि भाजपा अपने विकास कार्यों के साथ भविष्य की योजनाओं को भी जनता के सामने रखती है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार के विकास कार्यों की जानकारी देने और जनता से संवाद स्थापित करने की अपील की। जनसभा में केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता अतर सिंह भडाणा, अजमेर देहात जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण जी, जिला परिषद प्रत्याशी सजना गुर्जर, रतनी देवी, धारा देवी चौधरी, चुनाव प्रभारी राजकुमार शर्मा, सीमा जी सहित पंचायत समिति प्रत्याशी, मंडल पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।