पंचायती राज चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
खैरथल-तिजारा में जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पंचायती राज चुनाव-2026 की तैयारियों और नियमों की जानकारी दी। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता व निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की।
खैरथल-तिजारा, 6 अक्टूबर। पंचायती राज चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अतुल प्रकाश ने मंगलवार को जिले के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया, चुनावी नियमों और आदर्श आचार संहिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी राजनीतिक दलों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने सभी दलों और अभ्यर्थियों से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) की पूरी तरह पालना करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक दल और अभ्यर्थी मर्यादित आचरण बनाए रखें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित हो। प्रचार-प्रसार, सभाओं, जुलूसों और अन्य चुनावी गतिविधियों के दौरान निर्धारित नियमों के साथ आवश्यक अनुमति संबंधी प्रावधानों का पालन भी सुनिश्चित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि निर्वाचन से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में प्रशासन एवं निर्वाचन अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखें, ताकि समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। प्रशासन की ओर से चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।