पंचायतीराज चुनाव: राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान के लिए कार्मिकों को दिए निर्देश
सवाई माधोपुर। 16 नवंबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए हुए मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मच्छीपुरा, मैनपुरा और अजनोटी सहित अन्य मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान निर्वाचन आयुक्त ने मतदान कार्मिकों, मतदाताओं और प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान दलों के सदस्यों से उनके कार्य-दायित्वों पर चर्चा करते हुए पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदाताओं की पहचान जांचने, मतदान केंद्रों पर व्यवस्थित प्रवेश एवं निकास, भीड़ नियंत्रण और केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया। राजेश्वर सिंह ने मतदान केंद्रों पर मतदान दलों के कार्मिकों के लिए ठहरने, भोजन-पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली।
मतदान कार्मिकों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध होने की पुष्टि किए जाने पर उन्होंने स्थानीय प्रशासन की सराहना की।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम और पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी से जिले में निर्वाचन प्रक्रिया एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस जाब्ते, मतदान दलों की व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों से अवगत कराया। सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन सामग्री जमा होने तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह, एसीईओ शैलेन्द्र सिंह सहित संबंधित प्रशासनिक, निर्वाचन एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
पंचायतीराज चुनाव 2026 के चतुर्थ चरण में सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी के मतदान केंद्रों पर राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह का निरीक्षण एक महत्वपूर्ण कदम है। यह निरीक्षण चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया गया, जिससे मतदाता विश्वास बढ़ेगा। ऐसे निरीक्षण से चुनावी धोखाधड़ी और दुरुपयोग की संभावना कम होती है, जिससे आम जनता को निष्पक्ष चुनाव का भरोसा मिलता है और लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास बढ़ता है।