राजनीति

पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में शाम 6 बजे तक 82.32 प्रतिशत मतदान, मतगणना शुरू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में शाम 6 बजे तक 82.32 प्रतिशत मतदान, मतगणना शुरू

जयपुर, 5 नवंबर। प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को 27 जिलों की ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान हुआ। इस चरण में 3 हजार 716 सरपंच और 34 हजार 218 वार्ड पंच पदों के लिए वोट डाले गए। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू हो गई और देर रात तक परिणाम जारी किए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार शाम 6 बजे तक 82.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, हालांकि अंतिम आंकड़े बाद में जारी होंगे। हनुमानगढ़ की पल्लू पंचायत समिति में सबसे अधिक 92.05 प्रतिशत और बालोतरा की समदड़ी पंचायत समिति में सबसे कम 64.81 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रही, हालांकि कुछ स्थानों पर सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद और हंगामे की घटनाएं सामने आईं।

मतदान में युवाओं के साथ शतायु मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जबकि नवमतदाताओं ने मतदान के बाद सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें लेकर खुशी जाहिर की। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। जिला निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।