अपराध

पापा, इसे जान से मार दो:प्रयागराज में मृतक अधिवक्ता की पत्नी बोलीं, बेटों के ललकारने पर मुख्य आरोपी ने मारी पति को गोली

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 16 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पापा, इसे जान से मार दो:प्रयागराज में मृतक अधिवक्ता की पत्नी बोलीं, बेटों के ललकारने पर मुख्य आरोपी ने मारी पति को गोली

प्रयागराज में अधिवक्ता और लैब अटेंडेंट सतीश चंद्र श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या के मामले में भाजपा नेता देवेंद्र नाथ मिश्रा उर्फ झून्ने, उसके दोनों बेटों और पत्नी समेत चार पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। मृतक की पत्नी का कहना है कि विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर हुए झगड़े के दौरान देवेंद्र के बेटों ने अपने पिता को ललकारते हुए कहा, “पापा, इसे जान से मार दो, नहीं तो यह हमेशा दिक्कत देगा।

” इसके बाद देवेंद्र ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर सतीश को गोली मार दी। घटना में 8 से 10 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य की तलाश में तीन टीमें लगाई गई हैं। बाउंड्री पर सीढ़ी लगाकर घर में दाखिल हुए कर्नलगंज के सलोरी स्थित चांदपुर में गुरुवार को विवादित संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।

वर्षा श्रीवास्तव की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे देवेंद्र नाथ मिश्रा, उसके बेटे अमरेंद्र नाथ मिश्रा और निपेंद्र नाथ मिश्रा, पत्नी शैल मिश्रा समेत 8 से 10 लोग उनके घर पहुंचे। बाउंड्री पर सीढ़ी लगाकर घर में घुस आए और मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया। अधिवक्ता साथी पर भी किया हमला पति के साथ मौजूद अधिवक्ता साथी पर भी जानलेवा हमला किया।

इसी दौरान दोनों बेटों ने अपने पिता को सतीश को मारने के लिए उकसाया। आरोप है कि इसके बाद देवेंद्र नाथ मिश्रा ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से सतीश के पेट में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। तोड़फोड़, आगजनी, लूटपाट भी की हत्या के बाद घर में तोड़फोड़, आगजनी और लूटपाट का भी आरोप लगाया है।

तहरीर के मुताबिक, आरोपी घर से कीमती सामान और दो मोबाइल फोन भी ले गए। उन्होंने पुलिस को दोनों मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए इन्हें बरामद कराने की मांग की है। दोबारा हमले की जताई आशंका पत्नी ने तहरीर में यह भी आशंका जताई है कि आरोपी दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। ऐसे में उन्हें और उनके परिवार को दोबारा नुकसान पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर की बरामदगी और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। जमीन को लेकर एक साल से चल रहा था विवाद अधिवक्ता की पत्नी के मुताबिक, देवेंद्र नाथ मिश्रा के साथ उनकी जमीन को लेकर करीब एक साल से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि जमीन से जुड़े दस्तावेज उनके पास हैं और इस मामले में पहले भी पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई थी।

2017 में यह जमीन उन्हें ट्रस्ट से आवंटित हुई थी। पहले देवेंद्र नाथ मिश्रा ने गाड़ी खड़ी करने के लिए जगह मांगी थी। पुराने परिचय के कारण उनके पति ने उसे वहां गाड़ी खड़ी करने की अनुमति दे दी थी। आरोप है कि बाद में उसने जमीन पर कब्जे की कोशिश शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर परिवार ने पुलिस और अदालत का दरवाजा खटखटाया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।

हत्या के बाद करीब चार घंटे तक हुआ था हंगामा बता दें कि गोली लगने के बाद परिजन सतीश को पहले राज नर्सिंग होम ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सतीश की हत्या की खबर मिलते ही परिवार के लोग और उनके साथी अधिवक्ता अस्पताल पहुंच गए।

घटना से नाराज परिजनों और वकीलों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। वे शव लेकर अस्पताल से बाहर निकल आए और तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। परिवारवालों का कहना था कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और वकीलों के बीच नोकझोंक भी हुई।

मौके पर पहुंचे डीसीपी सिटी सागर जैन समेत अन्य अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवार के लोग शांत हुए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम शुक्रवार को होगा। विवादित संपत्ति पर ताला तोड़ने से शुरू हुआ झगड़ा : पुलिस डीसीपी सिटी सागर जैन के मुताबिक, देवेंद्र नाथ मिश्रा और सतीश श्रीवास्तव के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।

गुरुवार को करीब 11:45 बजे देवेंद्र नाथ मिश्रा विवादित संपत्ति पर पहुंचा और वहां सतीश की ओर से लगाया गया ताला तोड़ दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान फायरिंग में सतीश के पेट में गोली लग गई। डीसीपी के अनुसार, सतीश के परिजनों की शिकायत पर कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। फुटेज से भी की जा रही है पहचान घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें कुछ लोग मास्क लगाए और कुछ गमछे से चेहरा ढके नजर आ रहे हैं। कुछ लोगों ने काले कोट भी पहन रखे हैं।

पुलिस फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है। चार नामजद, 8 से 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा सतीश चंद्र श्रीवास्तव की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में देवेंद्र नाथ मिश्रा उर्फ झून्ने, उसके बेटे अमरेंद्र नाथ मिश्रा और निपेंद्र नाथ मिश्रा तथा पत्नी शैल मिश्रा को नामजद किया गया है।

इसके अलावा 8 से 10 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।