पर्यटन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
पर्यटन सीजन में पर्यटकों की बढ़ती आवक से उत्साहित दिया कुमारी, मेट्रो विस्तार के साथ कार पूलिंग और साइकिलिंग को बढ़ावा देने की अपील
जयपुर, 5 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पर्यटन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में विभाग की बजट घोषणाओं और चल रही परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बजट में घोषित कई महत्वपूर्ण योजनाएं और विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जिनका जल्द लोकार्पण किया जाएगा। वहीं अन्य परियोजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
पर्यटन सीजन की शुरुआत को लेकर दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान में घरेलू और विदेशी पर्यटकों की आवक में उत्साहजनक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वैश्विक चुनौतियों और बढ़ते हवाई किराए के बावजूद राजस्थान आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी राज्य के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
इससे इस पर्यटन सीजन में पर्यटकों की संख्या नए रिकॉर्ड तक पहुंचने की उम्मीद है।
बैठक के दौरान जयपुर शहर में बढ़ती आबादी और उससे उपजी यातायात समस्या पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेट्रो कॉरिडोर के विस्तार पर काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था ही शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को स्थायी रूप से कम करने में मददगार होगी।
दिया कुमारी ने कहा कि केवल बुनियादी ढांचे का विकास ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए आमजन की भागीदारी और अनुशासन भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से कार पूलिंग अपनाने, छोटी दूरी के लिए पैदल चलने और साइकिलिंग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से यातायात सुधार को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।
बाइट: दिया कुमारी, डिप्टी सीएम