व्यापार

पश्चिम चंपारण में मखाना की खेती को मिलेगा बढ़ावा, 150 हेक्टेयर में उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 11 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पश्चिम चंपारण में मखाना की खेती को मिलेगा बढ़ावा, 150 हेक्टेयर में उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और योजना की नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

11 नवंबर , प• चम्पारण (प• चम्पारण, बिहार) : जिले में मखाना की खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसको लेकर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों और मखाना किसानों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी और उद्योग महाप्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान जिले में 150 हेक्टेयर क्षेत्रफल में मखाना की खेती शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिला प्रशासन का मानना है कि पश्चिम चंपारण में मखाना उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। जिले में पर्याप्त संख्या में चौर और तालाब उपलब्ध हैं, जहां मखाना की खेती के साथ-साथ मछली पालन को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और योजना की नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मखाना की खेती को धरातल पर उतारने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी पहल करने पर जोर दिया।

वहीं, वैश्विक बाजार में मखाना की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए इसे किसानों की आय बढ़ाने का एक बेहतर माध्यम माना जा रहा है। इस पहल से जिले में कृषि आधारित रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस संबंध में जिला उद्यान पदाधिकारी अभिजित कुमार ने बताया कि जिले में मखाना की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए यह बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि पश्चिम चंपारण में मखाना उत्पादन की काफी संभावनाएं हैं। फुटहिल क्षेत्र के नजदीक होने के कारण जिले में बड़ी संख्या में जल निकाय उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग मखाना की खेती के लिए किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मखाना की बढ़ती वैश्विक मांग से किसानों की आमदनी में वृद्धि होगी।

वहीं, मखाना कारोबारी सह किसान इंजीनियर रंजीत चौधरी ने बैठक को सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी के समक्ष हुई बैठक में काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। मखाना की खेती को चंपारण में धरातल पर उतारने के लिए एक टीम गठित की गई है। बैठक में इस बात पर विस्तार से चर्चा हुई कि मखाना उत्पादन को कैसे बढ़ावा दिया जाए, इसकी बेहतर मार्केटिंग और सप्लाई चेन कैसे विकसित की जाए तथा किसानों को इससे किस तरह जोड़ा जाए।

जिला प्रशासन की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में पश्चिम चंपारण मखाना उत्पादन के एक नए केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है। इससे किसानों को आय का एक अतिरिक्त स्रोत मिलेगा और जिले में कृषि के नए अवसर भी पैदा होंगे।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

मखाना की खेती बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बढ़ाने की योजना है, जिसमें 150 हेक्टेयर पर उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया है। यह पहल जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई है, ताकि किसानों की आय में सुधार हो सके। यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि मखाना एक उच्च मूल्य वाली फसल है, जिससे किसानों को अधिक लाभ मिल सकता है और क्षेत्रीय कृषि अर्थव्यवस्था मजबूत हो सकती है। यदि योजना सफल रही तो किसानों को बेहतर बाजार मूल्य, रोजगार के अवसर और कृषि उत्पादकता में वृद्धि देखने को मिलेगी, जिससे ग्रामीण जीवन स्तर में सुध

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।