पत्नी की याद में ठाकुर ने बदल दिया पूरे गांव का नाम, 15 मंजिला चेहनी कोठी आज भी प्रेम की अनूठी मिसाल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कुल्लू : प्यार की ऐसी कहानियां इतिहास में कम ही देखने और सुनने को मिलती हैं, जहां किसी ने अपनी पत्नी की याद को हमेशा जिंदा रखने के लिए पूरे गांव का नाम तक बदल दिया हो। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल के चेहनी गांव में स्थित ऐतिहासिक चेहनी कोठी प्रेम की ऐसी ही अनूठी कहानी अपने भीतर समेटे हुए है।
बताया जाता है कि ढाढिया ठाकुर ने अपनी पत्नी चेहनी की याद में इस भव्य कोठी का निर्माण करवाया और गांव का नाम भी उनके नाम पर चेहनी रख दिया। कभी 15 मंजिला रही यह ऐतिहासिक इमारत आज 9 मंजिलों के साथ भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।भगवान मुरलीधर मंदिर के पुजारी चेत राम शर्मा ने बताया कि पहले इस गांव का नाम कठेड़ हुआ करता था।
यहां ढाढिया ठाकुर का शासन था और वह अपनी पत्नी चेहनी से बेहद प्रेम करते थे। जब उनकी पत्नी गंभीर रूप से बीमार हुईं तो उन्होंने ठाकुर से ऐसी कोठी बनवाने की इच्छा जताई, जो आने वाली कई पीढ़ियों तक उनकी याद दिलाती रहे। पत्नी के निधन के बाद ठाकुर ने उनकी स्मृति में इस अनूठी कोठी का निर्माण करवाया और गांव का नाम भी बदलकर चेहनी रख दिया।
चेहनी कोठी केवल अपनी वास्तुकला ही नहीं, बल्कि धार्मिक मान्यताओं के लिए भी विशेष पहचान रखती है। पुजारी के अनुसार कोठी की ऊपरी मंजिलों में श्रृंगा ऋषि से जुड़ी जोगनियों और शक्तियों को स्थापित किया गया था। मान्यता है कि जब देवता श्रृंगा ऋषि विभिन्न क्षेत्रों के दौरे से लौटते हैं तो उनके साथ कई शक्तियां भी आती हैं।
इन शक्तियों की पूजा-अर्चना इसी कोठी में की जाती है। यहां भगवान श्रृंगा ऋषि और अन्य देवी-देवताओं के प्रतीक चिह्न स्थापित हैं, जिनकी विशेष अवसरों पर पूजा की जाती है। सुरक्षा कारणों से कोठी के भीतर आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित है।समय के साथ इस ऐतिहासिक इमारत का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होता गया।
वर्ष 1905 में आए विनाशकारी भूकंप में भी इसकी दो मंजिलें गिर गई थीं। वर्तमान में कोठी की नौ मंजिलें शेष हैं। पत्थर और लकड़ी से बनी इस इमारत की पारंपरिक निर्माण शैली आज भी वास्तुकला प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित करती है।
मनाली से पहुंचे पर्यटक आर्यन ठाकुर ने बताया कि उन्होंने चेहनी कोठी के बारे में पहले भी काफी सुना था, लेकिन आज पहली बार यहां आकर इसकी खूबसूरती को करीब से देखने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि यहां का नजारा बेहद सुंदर है और पत्थरों को आपस में जोड़कर तैयार की गई कोठी की निर्माण शैली काफी आकर्षक है।वहीं, लवली शर्मा ने बताया कि चेहनी कोठी देवता श्रृंगा ऋषि को समर्पित है। यहां माता दुर्गा की शक्तियां भी स्थापित हैं। श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ यहां पहुंचकर देवी-देवताओं के दर्शन करते हैं और अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं।
निखिल ठाकुर ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ पहले भी यहां माता दुर्गा और देवता श्रृंगा ऋषि के दर्शन करने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक चेहनी कोठी देखने पहुंचते हैं। पत्थर और लकड़ी से बनी यह नौ मंजिला ऐतिहासिक इमारत आज भी अपनी अनूठी बनावट और खूबसूरती के कारण लोगों को आकर्षित कर रही है।चेहनी कोठी आज भी एक ओर जहां प्रेम की अनूठी कहानी को संजोए हुए है, वहीं दूसरी ओर कुल्लू की समृद्ध देव संस्कृति, आस्था और पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला की विरासत को भी दर्शाती है।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
यह खबर एक अनोखी प्रेम कहानी के बारे में है, जहां ढाढिया ठाकुर ने अपनी पत्नी चेहनी की याद में पूरे गांव का नाम बदल दिया और 15 मंजिला ऐतिहासिक कोठी बनवाई। यह विषय प्रेम, स्मृति और सांस्कृतिक परंपरा को जोड़ता है। यह खबर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दर्शाती है कि कैसे व्यक्तिगत भावनाएँ सामाजिक एवं भौगोलिक पहचान को प्रभावित कर सकती हैं, और इतिहास में ऐसे दुर्लभ उदाहरण मिलते हैं। आम जनता पर इसका असर प्रेरणादायक हो सकता है, जिससे लोग अपनी भावनाओं और रिश्तों को सम्मानित करने के लिए रचनात्मक कदम उठाने