राजनीति

पत्रकारिता लोकतंत्र की शक्ति, पत्रकार मर्यादाओं में रहकर करें निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता: वासुदेव देवनानी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पत्रकारिता लोकतंत्र की शक्ति, पत्रकार मर्यादाओं में रहकर करें निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता: वासुदेव देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष ने राजस्थान पत्रकार परिषद के दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह में की शिरकत, वरिष्ठ पत्रकारों का किया सम्मान

जयपुर। 16 नवंबर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि उनका मीडिया से 55 वर्षों का संबंध रहा है। पत्रकारों को मर्यादाओं में रहकर निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता करनी चाहिए। पत्रकारिता लोकतंत्र की शक्ति है, जो न केवल वर्तमान घटनाओं और जनभावनाओं को समाज के सामने रखती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी समय का प्रमाण प्रस्तुत करती है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का भी सम्मान होता है और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति श्रद्धा बनी रहनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष सोमवार को विद्याधर नगर में राजस्थान पत्रकार परिषद की ओर से आयोजित दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकारों को साफा पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

देवनानी ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में लिए गए निर्णय संवैधानिक इतिहास का निर्माण करते हैं, वहीं पत्रकारिता उन निर्णयों के पीछे की परिस्थितियों, विचारों और जनभावनाओं को समाज के सामने लाती है। पत्रकारिता की सार्थकता जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और समाज को सही दिशा में सोचने के लिए प्रेरित करने में है।

एक समाचार किसी उपेक्षित गांव की समस्या को शासन तक पहुंचा सकता है और किसी पीड़ित के मन में न्याय की उम्मीद जगा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत का स्वतंत्रता आंदोलन पत्रकारिता के योगदान के बिना अधूरा है। राजा राममोहन राय, बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी और गणेश शंकर विद्यार्थी जैसे महान व्यक्तित्वों ने पत्रकारिता को राष्ट्रीय जागरण, जनचेतना और सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया।

उनके विचार और लेखन आज भी पत्रकारिता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने संसदीय पत्रकारिता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सदन में होने वाली बहस, विधेयकों की भावना और जनहित में लिए गए निर्णय जब पत्रकारिता के माध्यम से जनता तक पहुंचते हैं, तो संसदीय विमर्श व्यापक सामाजिक संवाद का हिस्सा बनता है। इससे संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

डिजिटल क्रांति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के दौर का उल्लेख करते हुए देवनानी ने कहा कि तकनीक ने पत्रकारिता के स्वरूप और गति को बदल दिया है। ऐसे समय में समाचारों की तेजी के साथ उनकी सत्यता, विश्वसनीयता और प्रमाणिकता सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि तकनीक सूचना का विश्लेषण कर सकती है, लेकिन मानवीय संवेदना, सामाजिक संदर्भ, नैतिक विवेक और सार्वजनिक जवाबदेही पत्रकारिता के मूल आधार हैं।

पत्रकारिता में समाज के सकारात्मक पक्षों को भी पर्याप्त स्थान मिलना चाहिए।

उन्होंने ग्रामीण पत्रकारिता को लोकतंत्र की जमीनी संवेदना बताते हुए कहा कि दूरस्थ गांवों में कार्यरत पत्रकार स्थानीय समस्याओं, किसानों की अपेक्षाओं, विकास योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासन से जुड़े मुद्दों को सामने लाते हैं। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था आमजन से जुड़ती है। उन्होंने पत्रकारिता में महिला पत्रकारों की भागीदारी और अधिक बढ़ाने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम को विधायक कालीचरण सराफ, मेयर सुनील कोठारी और राजस्थान पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलविंदर सिंह जम्मू ने भी संबोधित किया। परिषद के अध्यक्ष रोहित सोनी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अनिल लोढ़ा, गुलाब बत्रा, महेश शर्मा, महेश झालानी, योगेश जैमन, सत्यनारायण शर्मा, सुरेंद्र जैन पारस, अजीत तिवारी, पुरुषोत्तम सैनी, जगदीश जैमन, गिरिराज जैमन, वीरेंद्र सिंह राठौड़ और राजेन्द्र हंस को सम्मानित किया गया।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पत्रकार परिषद के दीपावली कार्यक्रम में कहा कि पत्रकारों को मर्यादाओं के भीतर रहकर निर्भीक और निष्पक्ष रिपोर्टिंग करनी चाहिए, क्योंकि पत्रकारिता लोकतंत्र की शक्ति है। यह विषय इस बात पर प्रकाश डालता है कि मीडिया की भूमिका समाज में सूचना और संतुलन बनाए रखने में कितनी महत्वपूर्ण है। खबर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह वरिष्ठ पत्रकारों के योगदान को मान्यता देती है और मीडिया के प्रति सार्वजनिक विश्वास को मजबूत करती है। इससे आम जनता पर असर पड़ेगा क्योंकि विश्

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।