पत्रकारिता का मूल धर्म सत्य, विवेक और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता: संजीव शर्मा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नवंबर 16, शिमला (हिमाचल प्रदेश): राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य पर आज शिमला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान विषय वक्ता सहायक निदेशक मीडिया एवं संचार पी.आई.बी शिमला संजीव शर्मा ने 'पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी' विषय पर विस्तार से अपने विचार रखते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल घटनाओं को तेजी से जनता तक पहुंचाने की प्रतिस्पर्धा नहीं है, बल्कि यह सत्य की खोज, तथ्यों की पड़ताल और जनहित के प्रति जवाबदेही का माध्यम है।
आज डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के विस्तार ने प्रत्येक व्यक्ति को सूचना प्रसारित करने का मंच दिया है, लेकिन सूचना प्रसारित करने की स्वतंत्रता के साथ उसकी सत्यता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। सनसनीखेज प्रस्तुतीकरण कुछ समय के लिए लोगों का ध्यान आकर्षित कर सकता है, लेकिन पत्रकारिता की वास्तविक पूंजी जनता का विश्वास है।
पत्रकार को किसी भी खबर के प्रकाशन से पहले उसके स्रोत, संदर्भ और प्रामाणिकता की जांच करनी चाहिए। विशेषकर संवेदनशील घटनाओं, सामाजिक तनाव और व्यक्तिगत प्रतिष्ठा से जुड़े मामलों में शब्दों का चयन और प्रस्तुतीकरण अत्यंत सावधानीपूर्वक होना चाहिए। उन्होंने डीपफेक तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से किसी व्यक्ति के चेहरे, आवाज और हाव-भाव का इस्तेमाल कर ऐसे फोटो और वीडियो तैयार किए जा सकते हैं, जो देखने में पूरी तरह वास्तविक प्रतीत होते हैं, जबकि उनका वास्तविक घटना से कोई संबंध नहीं होता।
यह तकनीक केवल किसी व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सद्भाव, सार्वजनिक विश्वास और लोकतांत्रिक विमर्श को भी प्रभावित कर सकती है। इसलिए पत्रकारों के लिए डिजिटल सत्यापन, मूल स्रोत की पहचान और तकनीकी जांच की समझ विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पत्रकारिता की विश्वसनीयता इस बात से तय होगी कि वह कृत्रिम रूप से निर्मित सामग्री और वास्तविक तथ्यों के बीच कितनी प्रभावी ढंग से अंतर कर पाती है।
संजीव शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए आईटी संशोधन विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि डिजिटल मंचों और सोशल मीडिया पर निगरानी तथा सामग्री के नियमन से जुड़े प्रावधानों को सूचना के अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जवाबदेही के व्यापक संदर्भ में समझना आवश्यक है। डिजिटल माध्यमों पर फैलने वाली भ्रामक और हानिकारक सामग्री पर नियंत्रण की आवश्यकता अपनी जगह है, लेकिन किसी भी नियामकीय व्यवस्था में पारदर्शिता, स्पष्ट जवाबदेही और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का संतुलन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि तकनीक की निगरानी आवश्यक हो सकती है, लेकिन पत्रकारिता की आत्मा पर निगरानी नहीं, बल्कि उसकी नैतिकता, स्वतंत्रता और आत्मानुशासन ही लोकतंत्र में उसका वास्तविक स्थान निर्धारित करते हैं। समारोह में उपस्थित पत्रकारों ने भी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों, तथ्य सत्यापन और मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर जिला लोक संपर्क अधिकारी सिम्पल सकलानी ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि व विशेष अतिथियों का टोपी व शाल भेंट कर सम्मानित किया और सभी पत्रकारों को प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सहयोग से पत्रकारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन करवाया गया जिसमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह जैसे कई विकारों की जांच की गई।
आयोजित जांच शिविर में 70 से अधिक पत्रकारों और अन्य लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। इस दौरान शिमला जिला के प्रिंट, इलेक्ट्रानिक व डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार उपस्थित रहे।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
यह खबर शिमला में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के कार्यक्रम में सहायक निदेशक मीडिया एवं संचार पी.आई.बी शिमला संजीव शर्मा द्वारा ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर दिए गये भाषण पर आधारित है। इस विषय में पत्रकारिता को केवल त्वरित सूचना प्रसारण के रूप में नहीं, बल्कि सत्य की खोज, तथ्यों की जाँच और जनहित की सेवा के रूप में देखा गया है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पत्रकारों की नैतिक जिम्मेदारी और समाज में विश्वसनीय सूचना के महत्व को उजागर करती है। यदि मीडिया इस दृष्टिकोण को अपनाता है तो जनता को बेह