व्यापार

पीएम-किसान की 24वीं किस्त के रूप में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक जारी होने पर अनुराग ठाकुर ने जताया आभार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पीएम-किसान की 24वीं किस्त के रूप में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक जारी होने पर अनुराग ठाकुर ने जताया आभार

किसानों का सम्मान भाजपा की पहचान, पीएम-किसान योजना के तहत अब तक 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित

अक्तूबर 30, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने का स्वागत करते हुए इसे देश के अन्नदाताओं के लिए दीपावली पर समृद्धि का उपहार बताया।

इस किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों का सम्मान, उनकी आर्थिक मजबूती और उनके कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता भारतीय जनता पार्टी की मूल पहचान है। अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली से पहले किसानों को मिली यह आर्थिक सहायता कृषि परिवारों को संबल प्रदान करेगी।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तकनीक आधारित प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण व्यवस्था ने पारदर्शिता सुनिश्चित की है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त करते हुए सहायता राशि सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाई है। पीएम-किसान की 24वीं किस्त छोटे और सीमांत किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा के प्रति केंद्र सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

योजना की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीएम-किसान योजना ने देश के कृषि क्षेत्र में आर्थिक सहायता का एक नया और प्रभावी मॉडल स्थापित किया है। योजना की शुरुआत से अब तक 11 करोड़ से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल चुका है। नवीनतम किस्त जारी होने के साथ ही विभिन्न किस्तों के माध्यम से किसानों को हस्तांतरित कुल राशि 4.47 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई है।

यह सहायता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि किसानों का सशक्तिकरण विकसित भारत के संकल्प का एक महत्वपूर्ण आधार है। पीएम-किसान जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को खेती से जुड़ी आवश्यकताओं और कृषि निवेश की लागत पूरी करने में आर्थिक सहयोग मिल रहा है।

केंद्र सरकार का लक्ष्य किसानों को आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से सशक्त और समृद्ध बनाना है, ताकि वे देश की प्रगति और खुशहाली में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।