देश

पीएम मोदी ने गिनाईं 12 साल की उपलब्धियां

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 9 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पीएम मोदी ने गिनाईं 12 साल की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले बारह वर्षों में पचास करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। श्री मोदी ने कल छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों के साथ दीवाली मनाई और उन्हें संबोधित किया।

प्रधानमंत्री ने बताया कि गरीबी पर यह जीत, नक्सलवाद के साथ लड़ाई से गहराई से जुड़ी है। नक्सलवाद ने पहले स्कूलों, अस्पतालों, मेडिकल स्टोरों, पोलियो टीकाकरण, मोबाइल टावरों और उद्योगों को रोककर, तथा रेलवे पटरियों पर बमबारी करके लाखों निर्दाेश नागरिकों को अभाव और तंगी में धकेल दिया था। प्रधानमंत्री ने वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष विकास अभियान का जिक्र किया।

इसके अंतर्गत पन्द्रह हजार किलोमीटर से अधिक सड़कें, नौ हजार पांच सौ से अधिक मोबाइल टावर, लगभग एक सौ पचहत्तर एकलव्य स्कूल, करीब पचास आईटीआई, पचास कौशल विकास केंद्र, हजारों डाकघर, बैंक शाखाएं और एटीएम बनाए गए। इसके साथ ही, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों का पुनर्वास किया गया और ‘पीएम जनमन’ योजना के अंतर्गत दूर-दराज के आदिवासी गांवों में पहली बार पानी, बिजली और सड़कें पहुंचाई गईं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ अभियान ने गरीबी से लड़ाई को नई ऊर्जा दी है। इसने पचास करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकालने के साथ-साथ नक्सली हिंसा का भी अंत किया है। प्रधानमंत्री ने इस क्षेत्र में आए बदलाव के प्रतीक के रूप में ‘बस्तर ओलिम्पिक’ का भी जिक्र किया। श्री मोदी ने कहा कि आज इसी बस्तर में ‘बस्तर ओलिम्पिक’ का आयोजन हो रहा है, और बच्चे बंदूकों के बजाय खेलों में अपना हाथ आजमा रहे हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।