देश

पीएम मोदी के ‘मन की बात’ के अब तक 138 एपिसोड पूरे, जनभागीदारी का बना मंच

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पीएम मोदी के ‘मन की बात’ के अब तक 138 एपिसोड पूरे, जनभागीदारी का बना मंच

अक्टूबर 03, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सीधे संवाद के लिए 3 अक्टूबर 2014 को मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की शुरुआत की थी। अब तक इस कार्यक्रम के 138 एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं। आकाशवाणी और दूरदर्शन के नेटवर्क के साथ विभिन्न माध्यमों से प्रसारित होने वाला यह कार्यक्रम शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, नवाचार, समाज सेवा और जनभागीदारी से जुड़ी प्रेरक कहानियों को सामने लाता रहा है।

‘मन की बात’ के जरिए प्रधानमंत्री ने युवाओं, किसानों, महिलाओं, कारीगरों, उद्यमियों, खिलाड़ियों और स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों का उल्लेख किया है। साथ ही, देश के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों और गुमनाम नायकों की कहानियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर साझा किया गया है।

कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता, जल संरक्षण और नदियों की सफाई जैसे विषयों पर नागरिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया। ‘सेल्फी विद डॉटर’, ‘वोकल फॉर लोकल’, खादी के इस्तेमाल और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों का भी कार्यक्रम में उल्लेख किया गया।

‘मन की बात’ में फिटनेस और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, भारतीय खिलौना उद्योग को बढ़ावा देने और युवाओं को स्टार्टअप के लिए प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई है। कार्यक्रम के 138वें एपिसोड में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए चलाए जा रहे 100 सप्ताह के विशेष अभियान का भी उल्लेख किया गया।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के जरिए निजी क्षेत्र में विकसित रॉकेट, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की उपलब्धियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में देशवासियों के नवाचार की भी सराहना की है।

‘मन की बात’ की यात्रा जनभागीदारी के साथ लगातार आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के विभिन्न एपिसोड के बाद बड़ी संख्या में लोगों की प्रतिक्रियाएं और संदेश प्राप्त होते हैं। उपलब्ध सर्वेक्षण के अनुसार, देश की करीब 96 प्रतिशत आबादी ‘मन की बात’ कार्यक्रम से परिचित है और यह कार्यक्रम लगभग 100 करोड़ लोगों तक पहुंच चुका है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।