देश

पीएम मोदी ने की राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रशंसा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 23 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पीएम मोदी ने की राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रशंसा

नवंबर 23, नई दिल्ली : सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीने से भी कम समय में एक करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज़ लगाई जा चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2026 में इस अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत 14 साल की किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त और स्वैच्छिक टीकाकरण की सुविधा दी जा रही है।

अब तक निर्धारित वार्षिक लक्ष्य की करीब 87 प्रतिशत किशोरियों तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित की जा चुकी है। छह राज्यों ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। उत्तर प्रदेश 29 लाख 33 हजार से अधिक टीकाकरण के साथ देश में सबसे आगे है। इस अभियान की निगरानी यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए की जा रही है।

आपको बता दें कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र किशोरी तक वैक्सीन पहुंचे और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम किया जा सके।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की इस उपलब्धि की सराहना की है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि ''निवारक स्वास्थ्य सेवा की दिशा में यह हमारी यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। हर खुराक लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने और उनके लिए एक स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम है। मैं उन सभी हितधारकों की सराहना करता हूँ, जिनके प्रयासों से यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है।''

Source : X @narendramodi

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।