देश

पीएम मोदी ने स्विस राष्ट्रपति को भेंट की तीन खास भारतीय चीज़

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पीएम मोदी ने स्विस राष्ट्रपति को भेंट की तीन खास भारतीय चीज़

अक्टूबर 05, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत दौरे पर आए स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पार्मेलॉ को भारत में तैयार किए गए तीन खास किस्म के चीज़ भेंट किए। इनमें गुलमर्ग, कोणार्क और येऊर चीज़ शामिल हैं। इनकी खासियत इनके अलग-अलग स्वाद और बनाने की विशिष्ट शैली है।

गुलमर्ग फ्रेंच-स्टाइल ब्री पाश्चुरीकृत गाय के दूध से तैयार किया जाता है। दिल के आकार वाले इस नरम और क्रीमी चीज़ पर सफेद परत होती है और इसमें मिट्टी तथा मशरूम जैसे स्वाद की झलक मिलती है। इसे 2026 में ब्राजील में आयोजित मोंडियल डू क्यूसो में सुपर गोल्ड अवॉर्ड मिला है।

कोणार्क फ्रेंच टॉम-स्टाइल चीज़ प्राकृतिक परत वाला पारंपरिक शैली का चीज़ है। इसका टेक्सचर मुलायम और स्वाद मिट्टी जैसा व नमकीन है, जबकि इसमें हल्का नींबू जैसा स्वाद भी आता है। इसे 2023 के वर्ल्ड चीज़ अवॉर्ड्स में नॉर्वे में गोल्ड और 2025 में स्विट्जरलैंड में सिल्वर अवॉर्ड मिला।

येऊर माउंटेन-स्टाइल चीज़ स्विस ग्रुइयेर से प्रेरित है और इसे करीब 8 से 9 महीने तक परिपक्व किया जाता है। इसमें नट्स, मिठास और जड़ी-बूटियों जैसे स्वाद विकसित होते हैं। गुलाब की पंखुड़ियों और सौंफ से सजाई गई इसकी परत इसे खास भारतीय-अल्पाइन पहचान देती है। इसके बेहतर मेल्टिंग गुणों के कारण इसका इस्तेमाल फोंड्यू और ग्रिल्ड व्यंजनों में भी किया जा सकता है।

स्विट्जरलैंड दुनिया भर में अपनी चीज़ की विभिन्न किस्मों के लिए जाना जाता है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी की ओर से भारतीय चीज़ की इन तीन विशेष किस्मों की भेंट भारत की समृद्ध और तेजी से विकसित हो रही चीज़ बनाने की परंपरा की झलक पेश करती है।

(फ़ोटो कैप्शन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति को भारत में तैयार की गई चीज़ की तीन खास किस्में-गुलमर्ग, कोणार्क और येऊर भेंट कीं। इनकी विशिष्ट शैली और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भारत की समृद्ध होती चीज़ निर्माण परंपरा को दर्शाते हैं।)

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।