राजनीति

पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर टूटू गौ सदन में भाजपाइयों ने की गौ-सेवा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर टूटू गौ सदन में भाजपाइयों ने की गौ-सेवा

सितंबर 29, शिमला (हिमाचल प्रदेश): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र समर्पण के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे"सेवा मेरा योगदान" के अंतर्गत शिमला के टूटू स्थित गौ सदन में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गौ सदन पहुंचकर विधि-विधान से गौ-सेवा की, गायों को हरा चारा खिलाया और परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने गौ सदन प्रबंधन से बातचीत कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, पशु आहार और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा परिसर के सुचारू संचालन को लेकर आवश्यक सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गौवंश संरक्षण और संवर्धन को केवल आस्था तक सीमित न रखकर इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आजीविका से जोड़ा है। केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए 'राष्ट्रीय गोकुल मिशन' और 'राष्ट्रीय कामधेनु आयोग' के माध्यम से देसी नस्लों के संरक्षण, वैज्ञानिक संवर्धन और आधुनिक गौशालाओं के निर्माण को नई दिशा मिली है।

इसके साथ ही 'गोवर्धन योजना' के जरिए गोबर और गौमूत्र से बायोगैस व जैविक खाद तैयार कर गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की मजबूत नींव रखी गई है। डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने प्रदेश में बेसहारा गौवंश की देखरेख के लिए विधिवत 'हिमाचल प्रदेश गौ सेवा आयोग' का गठन किया। शराब की बिक्री पर 'गौ उपकर' (Cess) और मंदिर ट्रस्टों की आय का 15% हिस्सा गौ-कल्याण कोष में समर्पित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया, ताकि गौ सदनों को वित्तीय संकट का सामना न करना पड़े।विभिन्न जिलों में बड़े स्तर पर गौ अभयारण्यों (Cow Sanctuaries) और आधुनिक गौ सदनों का निर्माण कराया।गौ सदनों में प्रति गाय दी जाने वाली अनुदान राशि में निरंतर बढ़ोतरी कर बेसहारा पशुओं के पुनर्वास को सुनिश्चित किया।

गौ-सेवा के उपरांत कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, सुखी जीवन और दीर्घायु होने की सामूहिक रूप से कामना की। डॉ सिकंदर कुमार ने कहा कि पीएम मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन निष्काम कर्म का अनुपम उदाहरण है। उनके नेतृत्व में देश निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है और 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने में हर नागरिक का योगदान आवश्यक है।

इस सेवा कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा शिमला के वरिष्ठ नेता संजय सूद, पूर्व पार्षद संजीव ठाकुर, किसान मोर्चा अध्यक्ष राकेश ठाकुर, तरुण राणा, विक्रम सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता और गौसदन प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।