विदेश

पिकअप में छिपाकर रखी गई 864 लीटर विदेशी शराब, वीर कुंवर चेक पोस्ट पर हुई कार्रवाई

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 6 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पिकअप में छिपाकर रखी गई 864 लीटर विदेशी शराब, वीर कुंवर चेक पोस्ट पर हुई कार्रवाई

भास्कर न्यूज | बक्सर उत्तर प्रदेश से शराब की बड़ी खेप लेकर पटना जा रहे तस्करों के मंसूबों पर बक्सर में उत्पाद विभाग की टीम ने पानी फेर दिया। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर रात के अंधेरे में चल रही वाहन जांच के दौरान यूपी नंबर के बोलेरो मैक्स पिकअप को रोकते ही टीम को शक हुआ। तलाशी ली गई तो वाहन के भीतर शराब की पेटियों का जखीरा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

पिकअप में छिपाकर रखी गई 864 लीटर (100 पेटियां) विदेशी शराब बरामद हुई। मामले में चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया है। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि 4-5 अक्टूबर की रात उत्पाद विभाग की टीम वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान यूपी 60 सीटी 6976 नंबर के बोलेरो मैक्स पिकअप को रोका गया।

तलाशी में 8 पीएम स्पेशल टेट्रा पैक व्हिस्की की 100 पेटियां (कुल 4,800 पैकेट, 864 लीटर) मिलीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10.50 लाख रुपये है। शराब के पैकेट पर ‘फॉर सेल इन यूपी ओनली’ लिखा हुआ था। इसके बावजूद इसे बिहार के रास्ते पटना ले जाया जा रहा था। पूछताछ में चालक ने शराब की खेप बनारस (वाराणसी) से पटना ले जाने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार चालक की पहचान श्रवण कुमार (पिता राजेश राम, निवासी मिठनापुर नवादा, थाना गरवार, जिला बलिया, यूपी) के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग के अनुसार गिरफ्तार चालक के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब तस्करी के मुख्य नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

बता दें कि 30 सितंबर को भी इसी चेक पोस्ट पर बंदगोभी की आड़ में लगभग 16 लाख रुपये मूल्य की 150 पेटी शराब बरामद की गई थी।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।