पीलीभीत में 15.30 करोड़ से बस अड्डा बनेगा:राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने भूमि पूजन किया, एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं देने की योजना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →पीलीभीत से सटे दीवनी केसरपुर गांव में 15.30 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस अड्डा बनेगा। बुधवार दोपहर 2 बजे राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने निर्माण स्थल पर भूमि पूजन कर परियोजना शुरू की। उन्होंने कहा कि पीलीभीत के लोग लंबे समय से बस अड्डे की मांग कर रहे थे। नया बस स्टेशन एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस होगा।
इससे यात्रियों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। भूमि पूजन के बाद सभा में राज्यमंत्री ने सपा और बसपा की पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उन सरकारों के समय पीलीभीत में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। उनके मुताबिक, उन सरकारों का ध्यान जाति और धर्म की राजनीति तक सीमित था और उन्हें गरीबों व आम लोगों की समस्याओं की चिंता नहीं थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पीलीभीत में विकास हो रहा है। मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक क्षेत्र भारत-पचपेड़ा में उद्योगों की स्थापना और शहर में ओवरब्रिज का निर्माण इसकी मिसाल हैं। राज्यमंत्री ने बताया कि आसाम रोड से पिपरिया अगुरु गांव तक डिवाइडर वाली सड़क बनाने की योजना भी है।
उन्होंने बीडीसी सदस्य रहने के दिनों को याद करते हुए कहा कि तब उन्होंने शहर का विस्तार पिपरिया अगुरु तक करने का सपना देखा था, जो अब पूरा हो रहा है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने की अपील की। कार्यक्रम में रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक विपिन पाराशर, अमरीश शर्मा, सुनील मिश्रा, ग्राम प्रधान गंगाराम और पूर्व प्रधान सुरेंद्र मौजूद रहे।
इनके अलावा कई ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और महिलाएं भी शामिल हुईं। भूमि पूजन पंडित आशीष शर्मा ने कराया।
📡 स्रोत: NewsData.io