राजनीति

पीलीभीत में समूह सखियों का प्रदर्शन:DM को सौंपा ज्ञापन, बोलीं- 2 हजार में साड़ी भी नहीं आती, मानदेय 15 हजार करने की मांग

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 25 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पीलीभीत में समूह सखियों का प्रदर्शन:DM को सौंपा ज्ञापन, बोलीं- 2 हजार में साड़ी भी नहीं आती, मानदेय 15 हजार करने की मांग

पीलीभीत जिले में शुक्रवार दोपहर 'समूह सखियों' ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी के जरिए मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। इन महिलाओं की मुख्य मांग है कि उनका मौजूदा मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये हर महीने किया जाए और उनकी सेवा को स्थायी किया जाए। मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में समूह सखियों ने कई मांगें रखी हैं।

इनमें मानदेय 15,000 रुपये करना, ऑनलाइन कामों के लिए मुफ्त टैबलेट और मोबाइल रिचार्ज देना शामिल है। उन्होंने अपनी सेवा को स्थायी करने और मानदेय का भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में समय पर करने की भी मांग की। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि अगर 30 दिन में उनकी मांगों पर फैसला नहीं हुआ, तो वे फिर से आंदोलन करेंगी।

इस ज्ञापन पर सोनाली गंगवार, रमादेवी और नीलम कुमारी समेत कई महिलाओं के दस्तखत हैं। प्रदर्शन के दौरान एक समूह सखी सीमा ने मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर यहां आई हैं। अभी उनका वेतन सिर्फ 2,000 रुपये है। वे महीने के 30 दिन काम करती हैं। घर-घर जाकर समूह बनाती हैं और 'लोकोस' (LocOS) ऐप पर ऑनलाइन काम भी करती हैं।

सीमा ने मांग की कि उनका मानदेय 15,000 रुपये किया जाए। यह हर महीने की 10 तारीख तक उनके खाते में आ जाए। उन्होंने वेतन मिलने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। सीमा ने कहा कि उनका मानदेय समय पर नहीं आता है। कभी एक साल, कभी 6 महीने तो कभी 3 महीने लग जाते हैं। ऐसे में वे घर का गुजारा कैसे करेंगी?

उन्होंने कहा कि आज के समय में 2,000 रुपये में तो एक अच्छी साड़ी भी नहीं आती है। ये समूह सखियां ग्रामीण इलाकों में सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।