राजनीति

पीठासीन अधिकारियों को मिला चुनावी प्रशिक्षण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
पीठासीन अधिकारियों को मिला चुनावी प्रशिक्षण

किशनगढ़ बास में मतदान दलों के पीठासीन अधिकारियों को EVM और मतदान प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी मतदान के लिए नियमों की सख्ती से पालना के निर्देश दिए।

खैरथल-तिजारा, 1 सितम्बर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत मतदान प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को मतदान दलों के पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम राजकीय कृषि महाविद्यालय, बास कृपाल नगर, किशनगढ़ बास में आयोजित हुआ।

प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारियों को मतदान दिवस से जुड़ी तैयारियों और जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को EVM के संचालन, सीलिंग प्रक्रिया, मतदान कराने की प्रक्रिया, मतदाताओं की पहचान और मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में प्रशिक्षित किया गया।

इसके साथ ही मतदान समाप्त होने के बाद की जाने वाली प्रक्रिया और निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की शंकाओं का समाधान किया गया और निर्वाचन प्रक्रिया में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नियमों एवं दिशा-निर्देशों की पूरी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पीठासीन अधिकारियों से मतदान प्रक्रिया और उनके दायित्वों से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदान दल निर्वाचन प्रक्रिया की प्रत्येक बारीकी को अच्छी तरह समझें और मतदान दिवस पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कार्य करें।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने में मतदान दलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्व का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने EVM और अन्य निर्वाचन सामग्री के रख-रखाव एवं संचालन के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को मतदान के दौरान सामने आने वाली परिस्थितियों में नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने के लिए तैयार रहने को कहा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष कुमार जाटव सहित संबंधित अधिकारी और मतदान दलों के पीठासीन अधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से मतदान अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश दिए गए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।