मनोरंजन

Podcast: अब दृष्टिबाधित भी ले सकेंगे फिल्मों का पूरा आनंद

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
Podcast: अब दृष्टिबाधित भी ले सकेंगे फिल्मों का पूरा आनंद

नवंबर 06, नई दिल्ली: सिनेमा केवल तस्वीरों और संवादों तक सीमित नहीं है। इसमें चेहरे के भाव, दृश्य, खामोशी और कहानी से जुड़े कई ऐसे पहलू होते हैं, जिन्हें समझने के लिए दृश्य अनुभव भी अहम होता है। ऐसे में दृष्टिबाधित दर्शकों तक फिल्मों का पूरा अनुभव पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक उद्यमी दीप्ति प्रसाद तकनीक के माध्यम से काम कर रही हैं। उन्होंने सिनेमा को अधिक समावेशी बनाने के लिए Excel Cinemaऔर NovaFlix जैसे प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है।

PB-SHABD के खास पॉडकास्ट में दीप्ति प्रसाद ने बताया कि इस पहल का विचार उन्हें तब आया, जब वह अपने पिता के साथ दुबई में अंग्रेजी फिल्म देखने गई थीं। फिल्म के संवाद और उच्चारण समझने में उनके पिता को परेशानी हो रही थी। ऐसे में दीप्ति पूरी फिल्म के संवादों का अनुवाद और वर्णन करती रहीं। इससे दोनों फिल्म का अनुभव स्वतंत्र रूप से नहीं ले पाए। भारत लौटने पर उन्होंने देखा कि वही फिल्म हिंदी में भी उपलब्ध थी। यहीं से उनके मन में ऐसा तकनीकी समाधान विकसित करने का विचार आया, जिसके जरिए दर्शक थिएटर में अपनी पसंद की भाषा में फिल्म का आनंद ले सकें।

इसी सोच के साथ उन्होंने अपने पति और सह-संस्थापक कुनाल प्रसाद के साथ मिलकर वर्ष 2018 में Excel Cinema यानी Extra Language Cinemaकी शुरुआत की। इस प्लेटफॉर्म के जरिए दर्शक थिएटर में चल रही फिल्म के लिए उपलब्ध भाषाओं में से अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं। इसके बाद दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए ऑडियो डिस्क्रिप्शन और सुनने में कठिनाई का सामना करने वाले दर्शकों के लिए क्लोज्ड कैप्शन और साइन लैंग्वेज जैसी सुविधाओं पर भी काम शुरू किया गया।

दीप्ति प्रसाद के मुताबिक, फिल्म 'संजू' को ऑडियो डिस्क्रिप्शन के साथ रिलीज किया गया था। इस पहल के तहत देशभर में 5 हजार से अधिक दृष्टिबाधित दर्शकों ने थिएटर में फिल्म देखने का अनुभव लिया। इससे उन्हें महसूस हुआ कि इस तरह की सुविधा की जरूरत बड़े स्तर पर मौजूद है। उनका कहना है कि ऑडियो डिस्क्रिप्शन दृष्टिबाधित दर्शकों को फिल्म के उन दृश्यों, भावों और गतिविधियों को समझने में मदद करता है, जो केवल संवादों से स्पष्ट नहीं हो पाते।

कोविड-19 महामारी के दौरान जब थिएटर बंद थे और लोग घरों में OTT प्लेटफॉर्म पर फिल्में और वेब सीरीज देख रहे थे, तब दीप्ति को डिजिटल कंटेंट में भी ऑडियो डिस्क्रिप्शन की कमी महसूस हुई। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए उन्होंने NovaFlix की शुरुआत की। यह ऐसा OTT प्लेटफॉर्म है, जहां दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए ऑडियो डिस्क्रिप्शन के साथ कंटेंट उपलब्ध कराया जाता है। दीप्ति ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर सदस्यता के विकल्प भी रखे गए हैं। इसके अलावा, आर्थिक रूप से कमजोर उपयोगकर्ताओं के लिए स्पॉन्सरशिप का विकल्प उपलब्ध है, ताकि वे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

दीप्ति के अनुसार, Shark Tank India के चौथे सीजन के दौरान उन्हें अदाणी फाउंडेशन की ओर से रामायण सीरीज को ऑडियो डिस्क्रिप्शन के साथ तैयार करने के लिए वित्तीय सहयोग मिला। उन्होंने बताया कि NovaFlix पर रामायण सीरीज का ऑडियो डिस्क्रिप्शन तैयार किया जा चुका है और अब महाभारत को भी इसी तरह उपलब्ध कराने की योजना है।

ऑडियो डिस्क्रिप्शन की प्रक्रिया के बारे में दीप्ति ने बताया कि इसमें फिल्म के दृश्य, पात्रों के हाव-भाव और कहानी के लिए जरूरी गतिविधियों को शब्दों के जरिए इस तरह प्रस्तुत किया जाता है कि दृष्टिबाधित दर्शक भी कहानी का पूरा संदर्भ समझ सकें। उदाहरण के तौर पर, किसी भावुक दृश्य में केवल संवाद और संगीत ही नहीं, बल्कि पात्र की आंखों में आंसू या उसके चेहरे के भाव भी बताए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑडियो डिस्क्रिप्शन तैयार करने का काम अभी इंसान ही करते हैं। AI और तकनीक का इस्तेमाल इस प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और तेज बनाने में किया जा सकता है, लेकिन मानवीय समझ की भूमिका अहम है।

दीप्ति का कहना है कि समावेशी सिनेमा का अर्थ यह नहीं है कि दिव्यांग दर्शकों के लिए अलग से शो या व्यवस्था बनाई जाए, बल्कि उन्हें उसी थिएटर और उसी शो में अपनी जरूरत के मुताबिक सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने फिल्म निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस से अपील की कि फिल्म की योजना बनाते समय ही ऑडियो डिस्क्रिप्शन, कैप्शन और अन्य एक्सेसिबिलिटी सुविधाओं के लिए बजट तय किया जाए। उनके मुताबिक, इसे केवल अतिरिक्त सुविधा के रूप में नहीं, बल्कि दर्शकों के एक ऐसे वर्ग की जरूरत और नए बाजार अवसर के तौर पर भी देखा जाना चाहिए।

दीप्ति प्रसाद ने बताया कि भारत में भाषाई विविधता के साथ-साथ फिल्मों, वेब सीरीज और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सुलभ बनाने की व्यापक संभावनाएं हैं। उनका लक्ष्य अधिक से अधिक कंटेंट को ऑडियो डिस्क्रिप्शन के साथ NovaFlix पर उपलब्ध कराना है, ताकि दृष्टिबाधित दर्शक भी अपनी पसंद का मनोरंजन स्वतंत्र रूप से और अपनी सुविधा के अनुसार देख-सुन सकें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।