अपराध

पुलिस स्मृति दिवस: गृह मंत्री ने शहीद पुलिसकर्मियों को अर्पित की श्रद्धांजलि

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पुलिस स्मृति दिवस: गृह मंत्री ने शहीद पुलिसकर्मियों को अर्पित की श्रद्धांजलि

अक्टूबर 21, नई दिल्ली: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कश्मीर, उत्तर-पूर्व और नक्सल प्रभावित क्षेत्र, देश की आंतरिक सुरक्षा के तीन प्रमुख हॉटस्पॉट रहे हैं, जहां अब शांति और विकास का माहौल बना है।

उन्होंने कहा कि हजारों लोगों के हथियार डालने और समझौते करने के बाद उत्तर-पूर्व शांति के रास्ते पर आगे बढ़ा है। उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे में CRPF, CoBRA बटालियन और छत्तीसगढ़ पुलिस के योगदान की सराहना की। गृह मंत्री ने कहा कि इन बलों ने बहादुरी, धैर्य और समर्पण के साथ नक्सलवाद की समस्या से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की संयुक्त परेड आयोजित की गई।

इस दौरान बताया गया कि पिछले एक वर्ष में 154 पुलिसकर्मियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिससे स्वतंत्रता के बाद से अब तक कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर करने वाले कुल पुलिस शहीदों की संख्या 36 हजार 852 हो गई है। गृह मंत्री ने 'फाइट अगेंस्ट ड्रग्स' संदेश के तहत आयोजित मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रैली देशव्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसके प्रतिभागी गुजरात के एकता नगर पहुंचकर एकता परेड-2026 में शामिल होंगे।

वीडियो कैप्शन: अमित शाह ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।