अपराध

पुलिस की उच्चतम परंपराओं और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक पुलिस शहीद दिवस: पुलिस महानिदेशक, राजस्थान पुलिस ने शहीद पुलिसकर्मियों को किया नमन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पुलिस की उच्चतम परंपराओं और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक पुलिस शहीद दिवस: पुलिस महानिदेशक, राजस्थान पुलिस ने शहीद पुलिसकर्मियों को किया नमन

जयपुर, 21 अक्टूबर। राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस शहीद दिवस कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को याद करने और उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर हैं। यह दिवस पुलिस की उच्चतम परंपराओं और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

पुलिस महानिदेशक पुलिस शहीद दिवस पर बुधवार को जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में पुलिस शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिस जवानों को राजस्थान पुलिस ने नमन किया।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने शहीद पुलिसकर्मियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया और स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त महानिदेशक पुलिस कपिल गर्ग, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस राघवेन्द्र सुहासा, सेवानिवृत उप निरीक्षक मांगूसिंह शेखावत, संयुक्त निदेशक आसूचना ब्यूरो रमाकांत गुप्ता, पुलिस अधीक्षक राष्ट्रीय जांच एजेंसी रवि चौधरी, अकादमी निदेशक संजीव कुमार नार्जरी और जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने भी पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर अकादमी परिसर में डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पौधारोपण किया। उन्होंने रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं से संवाद कर सामाजिक सरोकारों में योगदान के लिए प्रोत्साहित किया। शिविर में 49 यूनिट रक्तदान हुआ।

पुलिस महानिदेशक शर्मा ने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिस जवानों की स्मृति में हर साल पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान 154 पुलिसकर्मियों ने सर्वाेच्च बलिदान दिया। समारोह में पुलिस के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों और जवानों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके साथ ही पुलिस महानिदेशक शर्मा ने जवाहर लाल नेहरू मार्ग त्रिमृर्ति पुलिस स्मारक पर भी पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर डीजीपी कानून-व्यवस्था संजय अग्रवाल, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों के बलिदान को याद किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।