राजनीति

प्रदेश में 3000 अटल ज्ञान केंद्र बनाने की स्वीकृति, 650 केंद्र तैयार : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
प्रदेश में 3000 अटल ज्ञान केंद्र बनाने की स्वीकृति, 650 केंद्र तैयार : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

बाड़मेर, 30 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में अटल ज्ञान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में लाइब्रेरी, ई-लाइब्रेरी, ऑनलाइन कोचिंग और ई-मित्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3000 अटल ज्ञान केंद्रों के निर्माण को मंजूरी दी गई है, जिनमें से 650 केंद्र तैयार हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री बुधवार को चौहटन के बाछड़ाऊ में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जोधपुर संभाग के आठ जिलों में 2,824 करोड़ के 1,013 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 अक्टूबर को रोजगार उत्सव के तहत 5 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मरूस्थलीय इलाके में पीने के पानी की आपूर्ति के लिए इस साल 31 दिसंबर तक आमजन को टैंकरों के माध्यम से जल परिवहन की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। जिला कलेक्टरों को एक करोड़ रुपए तक के पेयजल संबंधी आकस्मिक कार्यों की स्वीकृति देने का अधिकार देने की भी घोषणा की। बाड़मेर और जैसलमेर जिले में कम बारिश और अकाल के मद्देनज़र पशुधन संरक्षण के लिए पशु शिविर खोलने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ के तहत चुनाव होने जा रहे हैं। आने वाले समय में सहकारिता क्षेत्र के चुनाव भी होंगे। उन्होंने कहा कि सहकारिता में 10 लाख नए सदस्य बनाए गए हैं और जल्द ही नई सहकारी समितियों का गठन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में कई विभाग घाटे में चल रहे थे, जबकि अब ये विभाग मुनाफे में हैं। उन्होंने बताया कि रोडवेज में एक हजार नई बसें खरीदी गई हैं और एक हजार अन्य बसें भी खरीदी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत, विकसित राजस्थान’ के साथ विकसित निकाय और विकसित गांव बनाने का आह्वान किया। उन्होंने गांवों में प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को उनके आसपास ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया।

कार्यक्रम में उद्योग राज्य मंत्री केके विश्नोई, राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सी. आर. चौधरी, बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि और आम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पाली जिले के सुमेरपुर के लिए पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इसके बाद वे जोधपुर और फलोदी जिलों के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।