प्रदेश में कैंसर उपचार की सुविधाओं का होगा विस्तार, पुराने 5 मेडिकल कॉलेजों में विकसित होंगे मेडिकल और सर्जिकल ऑनकोलॉजी विभाग : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
पैरामेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया 15 नवंबर से पहले पूरी करने के निर्देश, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती में तेजी लाने को कहा
भोपाल, 3 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने विभागीय अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रदेश के पुराने पांच मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल ऑनकोलॉजी और सर्जिकल ऑनकोलॉजी विभाग विकसित करने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने को कहा। इससे कैंसर रोगियों के लिए विशेषज्ञ उपचार सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।
बैठक में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के विकास, मानव संसाधन और विभिन्न विभागीय प्रक्रियाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
पैरामेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की समय-सीमा तय
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रदेश के पैरामेडिकल महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए, ताकि शैक्षणिक गतिविधियां निर्धारित समय पर शुरू हो सकें और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
पुराने पांच मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल एवं सर्जिकल ऑनकोलॉजी विभाग विकसित करने के संबंध में उन्होंने आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ मानव संसाधन और आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को उपकरणों की आवश्यकता और उपलब्धता का आकलन कर संबंधित कार्यवाही प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि विभागों का संचालन समय पर शुरू किया जा सके।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और भर्ती प्रक्रिया में तेजी
उपमुख्यमंत्री ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की विभागीय नियुक्ति के लिए आवश्यक विज्ञापन शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और चिकित्सा संस्थानों की कार्यक्षमता के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। चयन और साक्षात्कार सहित नियुक्ति प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, जिससे रिक्त पदों को शीघ्र भरा जा सके।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधकों की काउंसलिंग प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती की कार्यवाही भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इससे स्वास्थ्य सेवाओं के मैदानी स्तर पर आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में नए विभागों के सृजन के निर्देश
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में सीटीवीएस (कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी), इम्यूनोहेमेटोलॉजी एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के सृजन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा। इन विभागों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन और स्वीकृति सहित सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी, आयुक्त धनराजू एस. सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।