राज्य

प्रदेश में विभिन्न 14 धार्मिक स्थलों पर हजारों करोड़ के विकास एवं निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं : मुख्यमंत्री डॉ यादव

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
प्रदेश में विभिन्न 14 धार्मिक स्थलों पर हजारों करोड़ के विकास एवं निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं : मुख्यमंत्री डॉ यादव

आगरमालवा- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सोमवार को आगर जिले के नलखेड़ा में विश्व प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर परिसर में प्रस्तावित भव्य देवी लोक परियोजना का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का गैंती चलाकर शुभारंभ किया।

माँ बगलामुखी देवी लोक का निर्माण कुल 55 एकड़ क्षेत्र में किया जा रहा है, जिसके प्रथम चरण में लगभग 85.40 करोड़ रुपये की लागत से भव्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। प्रथम चरण में मुख्य मंदिर का 108 फीट ऊँचा शिखर, 2,800 वर्गमीटर में मंदिर के गर्भगृह एवं ऊपरी संरचना का निर्माण तथा पत्थर की क्लैडिंग, मंदिर कॉरिडोर एवं प्रांगण का विकास, धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 220 यज्ञशालाओं का विकास, 625 वर्गमीटर में गौशाला, वीवीआईपी भवन, 4 भव्य प्रवेश द्वार, संपूर्ण परिसर की बाउंड्री वॉल, चारपहिया वाहन पार्किंग, बस पार्किंग, शौचालय ब्लॉक, लैंडस्केपिंग एवं साइट डेवलपमेंट सहित आंतरिक-बाहरी विद्युत व्यवस्था, स्पॉट लाइटिंग एवं अग्निशमन व्यवस्था जैसे आधारभूत कार्य सम्मिलित हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नलखेड़ा की माँ बगलामुखी दस महाविद्याओं में से एक हैं और यह स्थान तंत्र साधना एवं आस्था का वैश्विक केंद्र है। देवी लोक के निर्माण से यहाँ आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सर्वसुविधायुक्त दर्शन व्यवस्था मिलेगी तथा धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में महाकाल महालोक निर्माण के साथ ही पूरा क्षेत्र बदल रहा है। आगर से सुसनेर झालावाड़ तक का फोरलेन तो बनेगा ही, आमला से नलखेड़ा तक फोरलेन मार्ग निर्माण कार्य का भूमि-पूजन भी आज किया गया है। इससे नलखेड़ा बगलामुखी माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मंदिर के समीप ऊँचे और बड़े ब्रिज निर्माण का काम भी आज से शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में विभिन्न 14 धार्मिक स्थलों पर हजारों करोड़ के विकास एवं निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं। यह हमारे लिए आस्था और श्रद्धा का विषय है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।