देश

प्रधानमंत्री मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय वार्ता, पांच समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय वार्ता, पांच समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पाह्मलां के बीच आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय बातचीत हुई। इसके बाद दोनों देशों ने पांच समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों में प्रवासन, युवा पेशेवरों के आदान-प्रदान, परिवहन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार और उद्यमिता जैसे क्षेत्र शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत अगले 15 वर्षों में 100 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित करने और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखता है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि दोनों देश कृषि उत्पादों, दवाइयों, कपड़ा और इंजीनियरिंग सामान के व्यापार को बढ़ाने के साथ-साथ जैव प्रौद्योगिकी, बैंकिंग, बीमा और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाएंगे। दोनों देशों ने रक्षा और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई।

तीन दिन की भारत यात्रा पर आए राष्ट्रपति गी पाह्मलां का आज नई दिल्ली में औपचारिक स्वागत किया गया। उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति पाह्मलां आज शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मुर्मु उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन भी करेंगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।