प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- युवा उनकी सरकार की नीतियों और पहलों में हमेशा से केंद्र में रहे
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर, 23 अक्टूबर 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि युवा उनकी सरकार की नीतियों और पहलों में हमेशा से केंद्र में रहे हैं। आज नई दिल्ली में भारत मंडपम में चिन्मय अमृत महोत्सव वैश्विक सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि पिछले 25 वर्षों से वे अपनी क्षमता के अनुसार देश की सेवा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने नए भारत की जरूरतों के साथ देश की शिक्षा व्यवस्था को जोड़ने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति शुरू की है। उन्होंने कहा कि यह नीति भारत की समृद्ध परंपराओं और ज्ञान, मातृभाषा में शिक्षा देने, आधुनिक विज्ञान और उभरती प्रौद्योगिकियों के बारे में पढ़ाने पर बल देती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सभी संस्थाओं को राष्ट्र विकास और देश के गौरव को बढ़ाने के साझा लक्ष्यों की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने विभाजनकारी तत्वों के खिलाफ एकजुट होने, आत्मनिर्भरता को बढावा देने और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प में सभी नागरिकों को शामिल करने की जरूरत पर बल दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत से चुराई गई छह सौ 50 से अधिक प्राचीन मूर्तियों और वस्तुओं को पिछले 12 वर्षों में विदेशों से वापस लाया गया है। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत को पुन: स्थापित किया जा रहा है और सांस्कृतिक स्थलों को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिल रही है। श्री मोदी ने कहा कि भारत के सांस्कृतिक स्थल तेजी से यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल हो रहे हैं।
तीन दिन के इस सम्मेलन में देश-विदेश के नौ हजार प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। यह सम्मेलन चिन्मय मिशन के 75 वर्षों के उपलक्ष्य में सालभर चले समारोह का समापन है। इन समारोहों की शुरूआत पिछले साल हुई थी, जब प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु में भगवतगीता के तमिल संस्करण का विमोचन किया था।