देश

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 'फिक्की' के शताब्दी समारोह को किया संबोधित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 19 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 'फिक्की' के शताब्दी समारोह को किया संबोधित

रायपुर, 19 नवंबर 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों में निवेश संबंधी सभी दूरगामी फैसलों का आधार ‘इंडिया फर्स्ट’ यानी ‘भारत प्रथम’ को बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इससे आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण होगा और उद्योगों के विकास के नए अवसर भी खुलेंगे।

श्री मोदी आज नई दिल्ली में भारतीय वाणिज्य उद्योग परिसंघ फिक्की के शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 100 वर्षों के दौरान फिक्की ने देश के उद्योग जगत को कई उपलब्धियां हासिल करते देखा है। अब यह तय करने का समय है कि भारतीय उद्योग अगले 20 वर्षों में क्या हासिल कर सकता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 100 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। देश ने लाइसेंस-कोटा राज, राष्ट्रीयकरण के असफल प्रयोग और 21वीं सदी में भारत को कमजोर अर्थव्यवस्थाओं के समूह-फ्रैजाइल फाइव में शामिल होते देखा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत के नेताओं ने इस स्थिति को बदलने के लिए कड़ी मेहनत की है।

श्री मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और इसकी विकास दर लगभग सात प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि पिछले महीने भारत का वस्तु निर्यात लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक वस्तु निर्यात है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के मजबूत प्रदर्शन के कारण मूडीज रेटिंग्स, एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स, फिच रेटिंग्स, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी संस्थाएं देश की विकास दर के अनुमान बढ़ा रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व बैंक की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, केवल 12 से 13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि 1970 के दशक में जब ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया गया था, तब भी भारत की आबादी लगभग 50 करोड़ थी और उसी समय गरीबी समाप्त की जा सकती थी। लेकिन फिक्की इस बात का साक्षी है कि उस समय नीतियों में कमी थी और सही नीयत का भी अभाव था।

श्री मोदी ने कहा कि जब सरकार ने सही नीतियों और नेक नीयत के साथ काम किया, तो केवल 12 से 13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब लोग गरीबी से बाहर आ गए। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि आज भारत जिस गति और दिशा में आगे बढ़ रहा है, वह सही है और देश की सफलता की गारंटी है।

फिक्की की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने संगठन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी संगठन का सौ वर्षों तक लगातार सजग और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ खुद को विकसित करना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाते रहना एक बड़ी उपलब्धि है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रायपुर में फिक्की के शताब्दी समारोह में उद्योग जगत से ‘इंडिया फर्स्ट’ नीति को अपनाने का आग्रह किया। यह विषय भारत के आत्मनिर्भर और निवेश-उन्मुख भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। मोदी का संदेश उद्योगों को 20 वर्षों में नई दिशा देने का वादा करता है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत की स्थिति मजबूत होगी। आम जनता पर इसका असर बेहतर नौकरी के अवसर, स्थानीय उद्योगों का विकास और आर्थिक समृद्धि के रूप में महसूस होगा, जिससे जीवन स्तर में सुधार संभव है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।