प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत देशभर में 104 दिन में 65 लाख से अधिक सोलर पैनल लगाए गए: प्रल्हाद जोशी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा है कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पिछले 104 दिन में देश में 65 लाख से अधिक सोलर सिस्टम लगाए गए हैं। नई दिल्ली में भारत नवीकरणीय ऊर्जा सम्मेलन और प्रदर्शनी 2026 में एक सत्र को संबोधित करते हुए श्री जोशी ने कहा कि हर छह दिन में एक लाख से अधिक सोलर सिस्टम लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने में लोगों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाती है। श्री जोशी ने बताया कि देश की गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता बढ़कर 310 गीगावाट हो गई है। इसमें 172 गीगावाट सौर ऊर्जा की क्षमता शामिल है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की सौर ऊर्जा क्षमता लगभग तीन गीगावाट थी।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से दिल्ली में सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत केंद्र की सब्सिडी और दिल्ली सरकार की अतिरिक्त सहायता से लोगों में इस योजना के प्रति उत्साह बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य अगले वर्ष मार्च तक दो लाख घरों में सोलर सिस्टम लगाने का है।