प्रतापगढ़ में पंचायत राज चुनाव 2026 की तैयारियां तेज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
प्रतापगढ़, 24 अक्टूबर । पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर प्रतापगढ़ में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, प्रतापगढ़ के ऑडिटोरियम में आयोजित इस प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया की बारीकियों और अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर के नेतृत्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर्स ने पंचायत राज चुनाव में विभिन्न पदों के लिए अपनाई जाने वाली मतदान प्रक्रिया को समझाया।
मतपत्र से मतदान के दौरान मतपत्रों के प्रबंधन, मतपेटियों के उपयोग और निर्वाचन अभिलेखों के संधारण की जानकारी दी गई। वहीं, ईवीएम से मतदान के लिए मशीनों के उचित उपयोग, मतदान से पहले की तैयारियों और मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतदान अधिकारियों की भूमिका और उनके दायित्वों पर विशेष जोर दिया गया।
मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, मतदान सामग्री का सही उपयोग करने और मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मतदान दिवस से पहले निर्वाचन सामग्री की जांच एवं सुरक्षा, मतदान केंद्र पर सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने और मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन सामग्री निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने संबंधी जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर निलेश बैरागी, भूपेन्द्र तिवारी, अरविंद शर्मा, दीपक पंचोली, प्रवीण सिंह भाटी, अनिल टेलर, नितेश सोमानी, आदर्श दवे, घनश्याम शर्मा, सुनील बंबोरिया, केवल चंद लबाना और हेमंत खाण्डिया मौजूद रहे। निर्वाचन विभाग से गोकुल सिंह, राधेश्याम सहित अन्य कार्मिकों ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया।
प्रशासन की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण से अवगत कराना और पंचायत राज चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए तैयार करना है।