अपराध

प्रयागराज में दीपों की रोशनी से जगमगाए घाट

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
प्रयागराज में दीपों की रोशनी से जगमगाए  घाट

दीपावली के अवसर पर संगम नगरी प्रयागराज लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। शुक्रवार को महर्षि भारद्वाज आश्रम, श्रृंगवेरपुर धाम समेत शहर के कई घाटों पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का माहौल रहा।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

उन्होंने भव्य दीपोत्सव के आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की नई परंपरा शुरू हुई है। आने वाले वर्षों में दीपोत्सव का आयोजन और भी भव्य तरीके से किया जाएगा।उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में दीप स्तंभ बनाए जाएंगे।

उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि महर्षि भारद्वाज आश्रम में भी श्रृंगवेरपुर धाम की तरह रामायण मेला आयोजित किया जाएगा और रामलीला का मंचन होगा। इससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।उन्होंने अधिकारियों से ऐसी योजना बनाने को भी कहा, जिससे श्रृंगवेरपुर धाम आने वाले श्रद्धालु प्रयागराज भी आएं और प्रयागराज आने वाले लोग श्रृंगवेरपुर धाम के दर्शन जरूर करें।दीपोत्सव के दौरान श्रृंगवेरपुर धाम में रामचरितमानस पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई।

इसके साथ ही लोक कलाकारों ने दोनों स्थानों पर रामायण और रामकथा पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, विधान परिषद सदस्य केपी श्रीवास्तव, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।