राज्य

प्रो. बिश्नोई ने संभाला एमजीएसयू कुलगुरु का पदभार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 25 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
प्रो. बिश्नोई ने संभाला एमजीएसयू कुलगुरु का पदभार

प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने शुक्रवार को महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु पद का कार्यभार संभाला। उन्होंने रोजगारोन्मुखी शिक्षा, नियमित शिक्षकों की नियुक्ति और अनुप्रयुक्त अनुसंधान को प्राथमिकता देने की बात कही।

बीकानेर, 25 सितम्बर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) के नव-नियुक्त कुलगुरु प्रोफेसर नरसी राम बिश्नोई ने शुक्रवार को कुलगुरु पद का कार्यभार ग्रहण किया। राज्यपाल एवं कुलाधिपति की ओर से 24 सितंबर को जारी आदेश के तहत प्रो. बिश्नोई की नियुक्ति तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु, जो भी पहले हो, तक के लिए की गई है।

प्रो. नरसी राम बिश्नोई को उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में करीब 30 वर्षों का अनुभव है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को और मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों, नियमित शिक्षकों की नियुक्ति और अनुप्रयुक्त अनुसंधान को प्राथमिकता दी जाएगी। विद्यार्थियों को बदलते समय की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा और कौशल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जाएंगे।

कुलगुरु ने पीएम-उषा योजना के तहत विश्वविद्यालय की प्रयोगशालाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में काम करने की बात कही। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए कौशल विकास कार्यक्रम और औद्योगिक प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि उन्हें शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव मिल सके।

उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने को भी प्राथमिकताओं में शामिल किया। इसके तहत पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिसर की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई। प्रो. बिश्नोई ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और अनुसंधान वातावरण को बेहतर बनाने के साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास पर भी ध्यान देने की बात कही।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।