राज्य

पंजाब-चंडीगढ़ में ED की बड़ी छापेमारी, पूर्व मंत्री के ठिकानों पर रेड

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पंजाब-चंडीगढ़ में ED की बड़ी छापेमारी, पूर्व मंत्री के ठिकानों पर रेड

02 नवंबर, नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने पंजाब और चंडीगढ़ में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई पंजाब के पूर्व उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, उनके बेटे प्रतीक अरोड़ा और उनसे जुड़े कारोबारी समूहों के परिसरों पर की गई है। छापेमारी के दायरे में मार्बेला ग्रुप, गुलमोहर टाउनशिप ग्रुप, इनके प्रमोटरों और संजीव जुनेजा से जुड़े ठिकाने भी शामिल हैं।

दरअसल, यह मामला भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा है। जांच का संबंध पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन यानी PSIEC के औद्योगिक प्लॉट आवंटन और उनके मालिकाना हक में बदलाव के दौरान कथित अनियमितताओं से भी है। वहीं, विजिलेंस ब्यूरो के एक अधिकारी को एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने की कोशिश और आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति जुटाने के मामले में चंडीगढ़, मोहाली और होशियारपुर में 14 ठिकानों पर तलाशी ली गई।

इस कार्रवाई में सुंदर शाम अरोड़ा और उनके बेटे प्रतीक अरोड़ा के अलावा GRG डेवलपर्स एंड प्रमोटर्स LLP, SRG डेवलपर्स एंड प्रमोटर्स और गुलमोहर टाउनशिप प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटरों, निदेशकों और उनसे जुड़े अन्य लोगों के ठिकाने भी शामिल हैं। फिलहाल ED की जांच में औद्योगिक प्लॉट आवंटन, मालिकाना हक में बदलाव और कथित भ्रष्टाचार से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

फाइल फोटो- (पंजाब के पूर्व उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर ED की रेड)

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।