राज्य

पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 04 नवंबर को बिलासपुर में होगा ‘निरंतर मिलाप आउटरीच प्रोग्राम’

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 04 नवंबर को बिलासपुर में होगा ‘निरंतर मिलाप आउटरीच प्रोग्राम’

नवंबर 03, बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश): मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री रेजिमेंट की ओर से पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए 04 नवंबर को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, बिलासपुर में ‘मिशन निरंतर मिलाप 1.0-फेज-5 (नॉर्थ जोन)’ के तहत आउटरीच प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य बिलासपुर, ऊना तथा आसपास के जिलों के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों को पेंशन, दस्तावेजीकरण, सेवा अभिलेख, भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस), रक्षा पेंशन प्रशासन प्रणाली (स्पर्श) तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध करवाना है।

कार्यक्रम का नेतृत्व ब्रिगेडियर पी. सुनील कुमार, एस एम करेंगे, जबकि इसके कार्यान्वयन की जिम्मेदारी लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक कुमार, मुख्य अभिलेख अधिकारी संभालेंगे। इस दौरान पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी शिकायतों, दस्तावेजों एवं सेवा अभिलेखों में सुधार, भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) एवं रक्षा पेंशन प्रशासन प्रणाली (स्पर्श) से जुड़ी समस्याओं तथा अन्य कल्याणकारी सुविधाओं से संबंधित मामलों पर सहायता प्रदान की जाएगी।

साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की ओर से बिलासपुर, ऊना तथा आसपास के क्षेत्रों के सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से आग्रह किया गया है कि वह 04 नवंबर को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, बिलासपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।

कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, बिलासपुर से संपर्क किया जा सकता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।