राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत देशभर के बड़े नेता 12 दिसंबर को भोपाल में करेंगे संविधान रक्षा मार्च, लाल परेड ग्राउंड के लिए कांग्रेस ने मांगी अनुमति, देखें वीडियो
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुकेश नायक बोले– पहले भी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध कराया गया है मैदान, कांग्रेस के साथ भेदभाव क्यों? एक से डेढ़ लाख लोगों के जुटने की संभावना
भोपाल। राजधानी भोपाल में 12 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च के आयोजन स्थल को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन से लाल परेड ग्राउंड उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस का कहना है कि इतने बड़े आयोजन के लिए लाल परेड ग्राउंड सबसे उपयुक्त स्थल है और कार्यक्रम की तैयारियों के लिए कम से कम सात दिन पहले मैदान उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।
ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि पिछले तीन-चार महीनों में लाल परेड ग्राउंड राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध कराया गया है। ऐसे में कांग्रेस के कार्यक्रम के लिए मैदान देने में परहेज क्यों किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भी समान रूप से लाल परेड ग्राउंड उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
नायक ने बताया कि 12 दिसंबर को होने वाले संविधान रक्षा मार्च में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, उत्तर प्रदेश के प्रमुख गठबंधन नेता अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित देश के विभिन्न राज्यों के प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस के अनुसार, इस आयोजन में एक से डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने को देखते हुए सुविधाओं और व्यवस्थाओं के लिहाज से लाल परेड ग्राउंड उपयुक्त है। कार्यक्रम के लिए डोम, साउंड सिस्टम, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करनी होंगी। इसलिए प्रशासन से आग्रह किया गया है कि आयोजन से कम से कम सात दिन पहले मैदान उपलब्ध कराया जाए, ताकि तैयारियां समय पर पूरी हो सकें।
मुकेश नायक ने कहा कि कांग्रेस प्रशासन के फैसले का इंतजार कर रही है, लेकिन स्थान को लेकर बार-बार असमंजस की स्थिति बनने से आयोजन की तैयारियां प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने आशंका जताई कि भोपाल में भी इंदौर की तरह कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किए जा सकते हैं।
नायक के मुताबिक, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल को बताया है कि कार्यक्रम की अनुमति की प्रक्रिया यातायात विभाग और सातवीं बटालियन के समन्वय से पूरी होती है। आवेदन पुलिस मुख्यालय के माध्यम से नियमानुसार सातवीं बटालियन को भेजा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया है कि आवेदन पर लिए जाने वाले निर्णय की जानकारी आज या कल फोन के माध्यम से दी जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पूर्व प्रवक्ता विक्रम चौधरी, अभिनव बरोलिया, प्रवीण ढोलपुरे और जिला संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा शामिल रहे।