देश

राजनाथ सिंह की श्रीलंका के राष्ट्रपति से मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 9 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राजनाथ सिंह की श्रीलंका के राष्ट्रपति से मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा

सितंबर 09, नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिवसीय श्रीलंका दौरे पर हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने भारत और श्रीलंका के बीच मजबूत दोस्ती और साझेदारी को रेखांकित किया। कोलंबो में रक्षा मंत्री ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय सुरक्षा और आपसी सहयोग को लेकर चर्चा की।

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रपति दिसानायके को बधाई दी और उनकी सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं। बैठक में भारत और श्रीलंका ने दोनों देशों के विकास और लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

इससे पहले रक्षा मंत्री ने कोलंबो में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि श्रीलंका में भारतीय समुदाय व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रौद्योगिकी समेत कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत हर मुश्किल समय में श्रीलंका के साथ खड़ा रहा है और भविष्य में भी सहयोग जारी रखेगा।

उन्होंने भारत-श्रीलंका के ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

फोटो: X/rajnathsingh

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।