राज्य

राजस्थान की 3,314 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी, दोपहर एक बजे तक 45 प्रतिशत वोटिंग

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राजस्थान की 3,314 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी, दोपहर एक बजे तक 45 प्रतिशत वोटिंग

जयपुर, 24 अक्टूबर। राजस्थान के 16 जिलों की 3,314 ग्राम पंचायतों में शनिवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोपहर एक बजे तक प्रदेश में 45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। फलोदी जिले की डेचू पंचायत समिति में सर्वाधिक 64.25 प्रतिशत और राजसमंद जिले की देलवाड़ा पंचायत समिति में सबसे कम 29.62 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह देखने को मिल रहा है। युवा मतदाताओं से लेकर महिलाओं और बुजुर्गों तक सभी वर्गों के लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सीमावर्ती बाड़मेर जिले की 10 पंचायत समितियों की 359 ग्राम पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण जारी है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी हैं और महिलाएं पारंपरिक परिधानों में लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग ले रही हैं।

डूंगरपुर जिले की सात पंचायत समितियों की 232 ग्राम पंचायतों में भी मतदान हो रहा है। सीमलवाड़ा पंचायत समिति की भादर ग्राम पंचायत में मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतारें देखी गईं। वहीं, पाली जिले की पांच पंचायत समितियों में मतदान के दौरान सोजत की धाकड़ी ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर एक में 107 वर्षीय खुमाराम चौधरी ने अपनी चार पीढ़ियों के सदस्यों के साथ मतदान कर लोगों को लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश दिया।

उधर, राजसमंद जिले की आमेट, चारभुजा, कुंभलगढ़, खमनोर और देलवाड़ा पंचायत समितियों में दोपहर एक बजे तक औसतन 36.31 प्रतिशत मतदान हुआ। इनमें कुंभलगढ़ में सर्वाधिक 43.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।